Trending

आईपीएल : संडे ने बढ़ाया रोमांच, इकाना स्टेडियम में बड़ी संख्या में जुटे दर्शक

लखनऊ। नवाबों के शहर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लखनऊ सुपर जायंट्स व गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा मैच, माहौल को और जोरदार बनाता संडे यानि छुट्टी का दिन। उस पर दोनों टीमों में शामिल खिलाड़ियों का जोरदार प्रदर्शन।

इसका मजा मैच देखने आए दर्शकों ने भरपूर लुटा और इस मैच को देखने जुटे दर्शकों से 90 फीसदी स्टेडियम भर गया। हालांकि मैच की शुरुआत में कम दर्शक थे लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता गया वैसे-वैसे सीटें भरने लगी और एक इनिंग पूरी होने तक लगभग 40 हजार दर्शकों की जुटान हो गयी।

हालांकि दोनों ही टीमों में कई बेहतरीन खिलाड़ियों की मौजूदगी ने लोगों का आकर्षण बढ़ा दिया था। इसे ऐसे समझ सकते है कि मैच से एक दिन पहले टिकट विंडो पर सभी टिकट बिकने की रिपोर्ट आ गई और वहां सोल्ड आउट का बोर्ड टंग गया।

वहीं जिन्होंने आनलाइन बुकिंग के लिए अधिकृत वेबसाइट बुक माई शो का रुख किया तो वहां डिस्प्ले होते सोल्ड आउट के मैसेज ने उन्हें मायूस कर दिया।

एक अनुमान के अनुसार इस मैच को देखने 40 हजार दर्शक जुटे। दूसरी ओर बात अगर वीआईपी की करें तो लाउंज में 20 से 25 प्रतिशत दर्शक और बाक्स में 15 से 20 प्रतिशत दर्शक ही दिखे। वैसे लखनऊ में खेले गए आईपीएल के पहले मैच में लखनऊ ने पंजाब को हराया था लेकिन उस मैच में भी खासी संख्या में सीटें खाली रही थी।

दूसरी ओर दर्शकों की परेशानी कुछ वजहों से बढ़ी रही। इसमें आनलाइन टिकट बुक कराने के बाद उसका प्रिंट आउट लाकर इकाना स्टेडियम में टिकट खिड़की से टिकट लेने से भी लोग परेशान दिखे जिसके लिए उन्हें घंटो लाइन में लगना पड़ा।

वहीं स्टेडियम से दूर पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन से भी खेल प्रेमी खासे परेशान दिखें। इसे ऐसे समझे तो मुख्य शहर से जाने वाले दर्शक लंबी दूरी तय करने के बाद ही स्टेडियम पहुंच पा रहे थे। इसमें भी उन्हें अच्छी खासी दूरी पैदल तय करनी पड़ रही थी।