Trending

आईपीएल : लखनऊ ने लगातार तीसरी जीत के साथ गुजरात से हिसाब किया बराबर

लखनऊ। मार्कस स्टोइनिस के अर्धशतक (58) के साथ निकोलस पूरन (32) और केएल राहुल (33) की बल्लेबाजी और यश ठाकुर (5 विकेट) की धारदार गेंदबाजी से लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। लखनऊ ने गुजरात टाइटंस को 33 रन से हराया।

लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 18.5 ओवर में 130 रन बनाकर ढेर हो गई। टीम से साई सुदर्शन ने 31 रन बनाए।

@ AFP/Getty Images

लखनऊ द्वारा दिए लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल के साथ साई सुदर्शन ने पारी की शुरुआत करते हुए पहले ओवर में 5 रन बनाए।

साई सुदर्शन ने दूसरे ओवर में नवीन-उल-हक की गेंदों पर दो चौके मारे। वहीं शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने चौथे ओवर में मयंक यादव की गेंदों पर पहली, चौथी और आखिरी गेंद पर चौके जड़े।

@ BCCI

वहीं 5वें ओवर की आखिरी बॉल पर साई सुदर्शन कैच हुए। गुजरात ने पावरप्ले की आखिरी गेंद पर पहला विकेट गंवाया। यश ठाकुर ने छठे ओवर की आखिरी गेंद पर शुभमन गिल (19) को आउट करते हुए सलामी साझेदारी को तोड़ा।

गिल का विकेट जाने के बाद गुजरात ने केन विलियमसन को इम्पैक्ट प्लेयर बनाया। वे मोहित शर्मा की जगह मैदान पर आये। इयी बीच आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर रवि बिश्नाई ने केन विलियमसन का विकेट पर झटका।

गुजरात तब मुश्किल में फंस गयी जब 61 रन के स्कोर पर उसके शीर्ष चार विकेट गिर गए। वहीं नौवें ओवर में क्रुणाल पंड्या ने साई सुदर्शन (31) और बीआर शरथ (2 रन) का विकेट चटकाया।

इसी ओवर में तेज गेंदबाज मयंक यादव चोट की वजह से मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद 13वें ओवर में क्रुणाल पंड्या ने गुजरात को 5वां झटका दिया। उन्होंने पहली ही गेंद पर दर्शन नालकंडे (12) को यश ठाकुर के हाथों कैच कराया।

वहीं यश ठाकुर ने 15वें ओवर में गुजरात को दो झटके दिए। उन्होंने राशिद खान (शून्य) को दीपक हु़ड्‌डा के हाथों कैच कराने के बाद विजय शंकर (17) को आउट किया। वहीं 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर गुजरात का आठवां विकेट गिरा। इसमें नवीन-उल-हक ने उमेश यादव को क्विंटन डी कॉक के हाथों कैच कराया।

इसके बाद यश ठाकुर ने 19वें ओवर की 5वीं गेंद पर नूर अहमद को आउट करके टीम को लखनऊ को जीत दिला दी। इसी के साथ लीग के इतिहास में लखनऊ ने गुजरात को पहली बार हराया। यश ने लखनऊ की ओर से 5 विकेट हासिल किए।

टीम ने 26 रन बनाने में 5 विकेट गंवा दिए। गुजरात को पहला झटका 54 रन के स्कोर पर लगा था। जबकि 5वां विकेट 80 रन के स्कोर पर गिरा। इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लखनऊ को शुरुआती तीन ओवर में ही दो झटके लग गए लेकिन मार्कस स्टोइनिस और केएल राहुल ने पारी संभाली।

दोनों ने शुरुआती 6 ओवर में 47 रन बनाए। एलएसजी ने पावर प्ले में 6 ओवर में 2 विकेट पर 47 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की और 9वें ओवर में 50 रन के ऊपर पहुंच गए।

टीम को शुरू में ही तब झटका लगा क्विंटन डी कॉक मात्र 6 रन बनाकर पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर विकेट गंवा बैठे। उन्हें उमेश यादव की गेंद पर नूर अहमद ने कैच लपक कर वापस पवैलियन भेजा। उस समय टीम का कुल स्कोर 6 रन ही था।

इसके बाद देवदत्त पडिक्कल भी 7 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। उस समय टीम का कुल स्कोर 18 रन था। उमेश यादव ने पहले ही ओवर में क्विंटन डी कॉक को कैच आउट कराया। हालांकि डी कॉक ने उमेश दूसरी गेंद पर छक्का जड़ा। वहीं चौथी गेंद पर डी कॉक बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में थर्ड मैन पर नूर अहमद को कैच थमा बैठे।

उमेश ने इसके बाद अपने तीसरे ओवर में देवदत्त पडिक्कल को फर्स्ट स्लिप में विजय शंकर के हाथों कैच कराया। उमेश ने दूसरी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर गुड लेंथ पर फेंकी।

इसके बाद केएल राहुल 31 गेंदों पर 33 रन बनाकर विकेट गंवा बैठे। उन्हें दर्शन नालकंडे ने तेवतिया के हाथों कैच आउट कराया। दर्शन नालकंडे ने 13वें ओवर में चौथी गेंद फुल लेंथ फेंकी जिस पर खेले गए राहुल के शॉट को लांग ऑन पर लपकने में राहुल तेवतिया ने कोई गलती नहीं की।

इसके बाद दर्शन नालकंडे ने मार्कस स्टोयनिस (58 रन, 43 गेंद, 4 चौके, 2 छक्के) का विकेट भी झटका। हालांकि मार्कस स्टोइनिस ने मार्कस स्टोइनिस ने तेजी से रन बनाए और 2 छक्के जड़ते हुए अर्धशतक पूरा किया।

वहीं आयुष बदोनी (20) को राशिद खान ने उमेश यादव को कैच आउट कराया। राशिद खान को 19वें ओवर में गेंद मिली और उन्होंनें अपने पहले ही स्पेल में कमाल दिखाते हुए पहली ही गेंद पर आयुष बदोनी को कैच आउट कराया। बडोनी ने 11 बॉल पर 20 रन बनाए।

निकोलस पूरन ने नाबाद 32 और क्रुणाल पंड्या ने नाबाद 2 रन बनाए। गुजरात की ओर से उमेश यादव और दर्शन नालकंडे ने दो-दो विकेट चटकाए। राशिद खान को एक विकेट मिला।

इस मैच के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स ने प्लेइंग-11 में बदलाव नहीं किया है। वहीं गुजरात टाइटंस ने ऋद्धिमान साहा की जगह बीआर शरथ और अजमतुल्लाह ओमरजई की जगह स्पेंसर जॉनसन को टीम में जगह दी है।

डी कॉक ने पूरा किया आईपीएल मैचों का सैकड़ा

डी कॉक आईपीएल के 100 मैच खेलने वाले दक्षिण अफ्रीका के चौथे व कुल 64वें खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (184), फाफ डु प्लेसिस (135) और डेविड मिलर (124) का नाम है। डी कॉक इससे पहले मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद से खेल चुके है।

अपने आईपीएल कॅरियर में मुंबई के लिए सर्वाधिक 1,329 बनाने वाले डी कॉक ने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ आईपीएल में डेब्यू किया था। वह 100 मैचों की इतनी ही पारियों में 32.47 की औसत और 134.51 की स्ट्राइक रेट से 3,552 रन बना चुके हैं। वह 301 चौके और 122 छक्के लगा चुके है। इसमें 2 शतक और 22 अर्धशतक भी रहे है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 140 रन रहा है।