बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप : सिंधु व अन्य भारतीय प्लेयर्स के लिए आसान नहीं होगी चुनौती
पीवी सिंधु समेत भारत के स्टार प्लेयर्स को मंगलवार से यहां क्वालीफायर के साथ शुरू हो रही बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में पदक की राह में दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की चुनौती का सामना करना होगा।
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया की नंबर एक और गत चैंपियन जोड़ी के अंतिम लम्हों में हटने से इस चैंपियनशिप में भारत की पदक की उम्मीदें एकल खिलाड़ियों पर हैं। यह ओलंपिक क्वालीफिकेशन रैंकिंग अंक देने वाला आखिरी टूर्नामेंट है, इस सप्ताह टूर्नामेंट में कुछ कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।

सिंधु ने फ्रेंच ओपन क्वार्टर फाइनल में टोक्यो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता चीन की चेन यूफेई के खिलाफ मुकाबले को तीन गेम तक खींचकर पुरानी फॉर्म की झलक दिखाई।
चोट के बाद लौटे हुए करीबी मैचों को जीतने में नाकामी के कारण सिंधु की हताशा साफ दिखी जब स्पेन मास्टर्स में थाईलैंड की सुपानिदा केटथोंग के खिलाफ हार के बाद उन्होंने रैकेट कोर्ट पर दे मारा।
सिंधु को शीर्ष वरीय आन से यंग, ओलंपिक चैंपियन यूफेई, ताइ जु यिंग, अकाने यामागुची और ही बिंगजियाओ जैसी शीर्ष खिलाड़ियों की मौजूदगी वाले टूर्नामेंट में एक बार फिर खुद को परखने का मौका मिलेगा।
सिंधु मलेशिया की दुनिया की 33वें नंबर की खिलाड़ी गोह जिन वेई के खिलाफ मैच का आगाज करेंगी। इस मुकाबले में जीत के लिए उन्हें चीन की छठी वरीय हेन युई से भिड़ना पड़ सकता है जिन्हें उन्होंने फरवरी में बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप में पांचवीं बार हराया था।
तीसरे दौर में सिंधु की टक्कर जापान की यामागुची या थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन से हो सकती है। आकर्षी कश्यप को पहले दौर में थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान से भिड़ना है।
पुरुष एकल में लक्ष्य सेन को पहले ही दौर में शीर्ष वरीय शी युकी की कड़ी चुनौती मिलेगी। फ्रेंच ओपन और ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में जगह बनाने के बाद पेरिस ओलंपिक में जगह पक्की करने वाले लक्ष्य एशियाई खेलों के अपने प्रदर्शन से प्रेरणा लेना चाहेंगे जहां उन्होंने चीन के खिलाड़ी को टीम चैंपियनशिप में हराया था।
एचएस प्रणय अभियान ल्यू गुआंग झू के खिलाफ शुरू करेंगे और चीन के खिलाड़ी के खिलाफ तीन हार का बदला चुकता करने का प्रयास करेंगे। किदांबी श्रीकांत के सामने दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी और दूसरे वरीय एंथोनी गिनटिंग की कड़़ी चुनौती है।
युवा भारतीय खिलाड़ी प्रियांशु राजावत को पहले दौर में मलेशिया के ली जी जिया से भिड़ना है। सात्विक-चिराग की गैरमौजूदगी में एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला तथा कृष्ण प्रसाद गारगा और साई प्रतीक के पुरुष युगल में चुनौती पेश करेंगे।
महिला युगल में तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा को फेब्रियाना द्विपुजी कुसुमा और अमालिया कहाया प्रतिवी की इंडोनेशिया की जोड़ी से भिड़ना है, त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद अभियान ल्यु शेंग श्यु और टैन निंग की चीन की चौथी वरीय जोड़ी के खिलाफ शुरू करेंगे।