आईपीएल : जडेजा-तुषार ने चेन्नई सुपर किंग्स को दिलाई जीत
रवींद्र जडेजा और तुषार देशपांडे की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की नाबाद 67 रनों की अर्धशतकीय पारी से चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल के 22वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 14 गेंदे शेष रहते सात विकेट से हराया।
केकेआर को सात विकेट से हराया
चेन्नई ने 138 रनों के लक्ष्य को धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी से चेज करने का प्रयास किया, चौथे ओवर में वैभव ने चक्रवर्ती के हाथों रचिन रविंद्र 15 रन पर कैच आउट कर चेन्नई को पहला झटका दिया। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और डैरिल मिचेल ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़ते हुए टीम को जीत की दहलीज की ओर धकेला।

13वें ओवर में डैरिल मिचेल 25 रन बनाकर आउट हो गये। उन्हें नारायण ने बोल्ड आउट किया। गायकवाड़ ने 58 गेंदों में आठ चौकों से नाबाद 67 रनों की पारी खेली। शिवम दुबे ने आखिरी ओवरो में 18 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के उड़ाते हुए 28 रन बनाये।
चेन्नई ने 17.4 ओवर में तीन विकेट पर 141 रन बनाकर सात विकेट से मुकाबला जीत लिया। गायकवाड़ ने चौका मार कर टीम को जीत दिलाई। चेन्नई की पांच मैचों में यह तीसरी जीत है। वैभव अरोड़ा ने दो विकेट लिये और सुनील नारायण ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले कोलकाता ने कप्तान श्रेयस अय्यर और 34 रन, सुनील नारायण 27 रन और अंगकृष रघुवंशी 24 रनों की पारियों से चेन्नई सुपर किंग्स को जीत के लिए 138 रन का लक्ष्य दिया था।
इस मुकाबले में सीएसके कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की शुरुआत काफी खराब रही और उसने पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट शून्य का विकेट गवां दिया। सॉल्ट को तुषार ने जडेजा के हाथों कैच आउट कराया।

सुनील नारायण और अंगकृष रघुवंशी ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिये 55 रन जोड़े। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने इस जोड़ी को तोड़ने का जिम्मा रवींद्र जडेजा को दिया और उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए सातवें ओवर में पहले अंगकृष रघुवंशी 24 रन पर पगबाधा कर पवेलियन भेजा। अंगकृष ने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया।
जडेजा ने सुनील नारायाण को 27 रन पर आउट किया। सुनील ने 20 गेदों का सामना किया और तीन चौके और दो छक्के भी लगाये। जडेजा ने वेंकटेश अय्यर तीन रन आउट कर तीसरा विकेट झटके हुए कोलकाता पर दबाव बढ़ा दिया। कोलकाता दबाव से उबर नहीं पायी और उसका कोई बल्लेबाज पिच पर अधिक देर के लिए नहीं टिक सका।
रमनदीप सिंह 13 रन और रिंकू सिंह 10 रन बनाकर आउट हुये। आंद्रे रसल 10 रन बनाकर आउट हुये। कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीन चौके लगाते हुए टीम के लिए 34 रनों की पारी खेली। अनुकूल रॉय तीन रन और वैभव आरोड़ा एक रन बनाकर नाबाद रहे। कोलकाता ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 137 रन बनाया।
चेन्नई सुपर किंग्स से रवींद्र जाडेजा और तुषार देशपांडे ने तीन-तीन विकेट लिये। मुस्तफिजुर रहमान को दो विकेट मिले। महीश थीक्षणा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।