Trending

निजी कारणों से पेरिस ओलंपिक में अभियान प्रमुख पद से अलग हुई मैरी कॉम

छह बार की विश्व विजेता मुक्केबाज एम सी मैरी कॉम पेरिस ओलंपिक के लिये भारत के अभियान प्रमुख के पद से अलग हो गई है। उन्होंने कहा कि निजी कारणों से उनके पास विकल्प नहीं है। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी टी उषा ने कहा कि मैरी कॉम ने उन्हें पत्र लिखकर इस जिम्मेदारी से फारिग करने के लिये कहा है।

मैरी कॉम ने उषा को लिखे पत्र में कहा ,‘‘ देश की किसी भी रूप में सेवा करना फख्र की बात है और मैं इसके लिये मानसिक रूप से तैयार थी। मुझे खेद है कि मैं यह जिम्मेदारी नहीं उठा सकूंगी। मैं निजी कारणों से पीछे हट रही हूं।

साभार : गूगल

उन्होंने कहा ,‘‘ इस तरह से पीछे हटने से शर्मिंदा हूं, मैं ऐसा करती नहीं हूं, मेरे पास विकल्प नहीं है। मैं ओलंपिक में भाग ले रहे अपने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिये हमेशा रहूंगी।

आईओए ने 21 मार्च को उनकी नियुक्ति का ऐलान किया था। लंदन ओलंपिक 2012 की कांस्य पदक विजेत मैरी कॉम 26 जुलाई से 11 अगस्त तक होने वाले ओलंपिक खेलों में भारतीय दल की अभियान प्रमुख होती।

उषा ने बयान में कहा ,‘‘ हमें दुख है कि ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज और आईओए एथलीट आयोग की प्रमुख मैरी कॉम निजी कारणों से पद से हट गई हैं। हम उनके फैसले और निजता का सम्मान करते हैं। उनके विकल्प के बारे में घोषणा जल्दी होगी।

उन्होंने कहा ,‘‘ मैं उनके अनुरोध को समझती हूं और उनके फैसले का सम्मान करती हूं। मैने उनसे कहा है कि आईओए और मेरा सहयोग हमेशा उनके साथ है। मैं सभी से उनकी निजता का सम्मान करने का अनुरोध करती हूं।

आईओए ने शिवा केशवन को अभियान उप प्रमुख बनाया गया था। टेबल टेनिस खिलाड़ी और राष्ट्रमंडल खेल विजेता शरत कमल भारत के पुरूष ध्वजवाहक होंगे। महिला ध्वजवाहक के नाम का ऐलान बाद में किया जायेगा।