Trending

आईपीएल : आयुष का अर्धशतक, लखनऊ ने दिल्ली को दी 168 रन बनाने की चुनौती

लखनऊ। आयुष बदोनी (नाबाद 55) के आतिशी अर्धशतक व अरशद खान की साहसिक पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लखनऊ में खेले जा रहे तीसरे मैच में निर्धारित ओवर में 7 विकेट पर 167 रन बना लिए।

@BCCI

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना स्टेडियम में खेले जाने वाले लीग के 26वें मुकाबले में लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।

इस मैच में लखनऊ के 13 ओवर में 7 विकेट पर 94 रन हो गए थे। यहां से आयुष बदोनी ने अरशद खान के साथ मोर्चा संभालते हुए 19वें ओवर में टीम का स्कोर 150 के ऊपर पहुंचाया। आयुष ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेते हुए अर्धशतक पूरा किया जो उनके आईपीएल कॅरियर का तीसरा अर्धशतक है।

आयुष ने 35 गेंदों पर 5 चौके व एक छक्के से नाबाद 55 रन की पारी खेली। वहीं अरशद खान ने 16 गेंदों पर 2 चौके से सहासिक नाबाद 20 रन बनाए। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 42 गेंदों पर नाबाद 73 रन की अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को संभाला।

इससे पहले पारी की शुरुआत में लखनऊ को तीसरे ओवर में पहला झटका लगा जब इस ओवर की चौथी गेंद पर खलील अहमद ने क्विंटन डी कॉक (19) को एलबीडब्ल्यू किया जिसे अंपायर ने आउट दे दिया। इस पर एलएसजी ने डीआरएस मांगा लेकिन अंपायरों ने उसे नहीं माना।

इसके बाद पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर देवदत्त पड्डीकल भी अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें भी खलील अहमद ने एलबीडब्लू आउट किया। खलील ने 5वें ओवर की दूसरी गेंद पर देवदत्त का विकेट चटकाया। हालांकि उन्होंने अगली ही गेंद पर मार्कस स्टोयनिस का कैच छोड़ दिया। वहीं लखनऊ ने पावर प्ले के 6 ओवर में 2 विकेट पर 57 रन बना लिए थे।

इसके बाद निकोलस पूरन बिना खाता खोले आउट हो गए। दिल्ली की ओर से आठवां ओवर फेंक रहे कुलदीप यादव ने उनका विकेट चटकाने के बाद मार्कस स्टोयनिस (8) का विकेट भी झटका। वहीं पूरन के आउट होने के बाद लखनऊ ने दीपक हुड्‌डा को इम्पैक्ट प्लेयर बनाया। वे मार्कस स्टोयनिस की जगह मैदान पर उतरे।

इसी बीच लखनऊ के कप्तान केएल राहुल (39) को 10वें ओवर में कुलदीप यादव की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे कैच लपकर आउट किया। वहीं दीपक हुड्‌डा (10) 12वें ओवर में ईशांत शर्मा की गेंद पर डेविड वॉर्नर को कैच थमा बैठे।

वहीं क्रुणाल पंड्या (3) का विकेट मुकेश कुमार ने 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर चटकाया। क्रुणाल भी विकेट के पीछे ऋषभ पंत का शिकार हुए जिससे लखनऊ ने 7 विकेट पर 94 रन हो गए थे।

इस मैच में दिल्ली से पहला ओवर खलील अहमद ने फेंका। इस मैच में डी कॉक ने उनकी पहली और आखिरी गेंद पर दो चौके जड़े जिससे पहले ओवर में ही लखनऊ के 10 रन हो गए।

दिल्ली की ओर से कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने कप्तान केएल राहुल (39 रन), निकोलस पूरन (0 रन) और मार्कस स्टोयनिस (8 रन) का विकेट झटका। खलील अहमद ने देवदत्त पडिक्कल (3) और क्विंटन डी कॉक (19) के रुप में दो विकेट लिए।

इशांत शर्मा व मुकेश कुमार को 1-1 विकेट मिले। इस मैच के लिए दिल्ली टीम में कुलदीप यादव व मुकेश कुमार को फिर जगह मिली है तो लखनऊ सुपर जायंट्स ने मयंक यादव की जगह अरशद खान को अंतिम 11 में जगह दी है।

आईपीएल के नए स्पीड स्टार मयंक यादव गुजरात टाइटंस के खिलाफ लखनऊ में हुए पिछले मैच में एक ओवर ही फेंक सके थे और जांच के बाद डाक्टरों ने उन्हें एक सप्ताह के आराम की सलाह दी थी।