आईपीएल : बड़ी संख्या में लखनवी खेलप्रेमियों ने उठाया मैच का लुत्फ
लखनऊ। आईपीएल के लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले मैच को दर्शकों का काफी प्यार मिला। ये मैच लखनऊ व दिल्ली की टीमों के बीच हुआ, जिसमें लखनऊ की कप्तानी केएल राहुल कर रहे थे तो दिल्ली से ऋषभ पंत कप्तानी कर रहे थे।
जुननी खेल प्रेमियों ने बदन पर पेंट कराया तिरंगा झंडा, सीने के साथ चेहरा भी रंगा
दोनों ही टीमों में कई बेहतरीन प्लेयर्स के खेल का लुत्फ उठाने लखनवी खेलप्रेमी पहुंचे। आईपीएल के इस तीसरे मुकाबले को देखने के लिए खेल प्रेमी दोपहर से ही मैदान के पास जुटने शुरू हो गए थे और पहले 10 ओवर होते-होते स्टेडियम 90 फीसदी भर गया।

यानि पिछले मैच की तरह इस मैच को देखने 40 हजार दर्शक जुटे। पहली पारी खत्म होने तक खेल प्रेमी स्टेडियम में इंट्री करवाते दिखे। इस मैच के लिए क्रिकेट प्रेमियों की दीवानगी देखे तो एक दीवाना अपने सीने और चेहरे पर एलएसजी का नाम पेंट करवाकर पहुंचा।
सुपर जायंट्स की जीत के लिए कई खेल प्रेमी बकायदा टीम बनाकर पहुंचे जिन्होने तिरंगा झंडा अपने बदन पर पेंट करवा लिया था और हाथो में झंडे पकड़कर जीतेगा भाई जीतेगा लखनऊ अदब से जीतेगा के नारे भी लगाए।

सड़क सुरक्षा का संदेश देता एलएसजी का लीड हेलमेट पाटर्नर एसबीआईलाइफ की ओर से स्टेडियम परिसर में लगवाया गया विशाल हेलमेट का मॉडल दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा जिसके साथ काफी समय तक सेल्फी व फोटो खींचाने का दौर चला।
कई खेल दीवाने तो अपने चेहरे पर एलएसएजी का लोगो बनवाते दिखे। मैदान के बाहर पेंट आर्टिस्ट खड़े दिखे जिनके आगे बड़ी संख्या में खेल प्रेमी लाइन लगाए हुए दिखे। खेल प्रेमियों में क्रिकेट के इस फटाफट संस्करण का खासा क्रेज है, उन्हें स्टेडियम तक पहुंचने में खासा जूझना पड़ा।
इसे यू कह ले कि पार्किंग की व्यवस्था से लोग परेशान दिखे। खेल प्रेमियों को स्टेडियम पहुंचने में डायवर्जन की वजह से खासी दूरी तय करते हुए जाम से जूझना पड़ा। उस पर भी स्टेडियम से दूर वाहन पार्किंग से निकल कर स्टेडियम पहुंचने में खेल प्रेमियों को खासी कसरत करनी पड़ी।
दर्शक दीर्घा में लहराया अबकी बार 400 पार का पोस्टर

मैच के दौरान दर्शक दीर्घा में भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में पोस्टर दिखे जिन पर लिखा था अबकी बार 400 पार। हालांकि आईसीसी के नियमों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच और क्रिकेट लीग के दौरान किसी भी तरह के राजनीतिक प्रदर्शन की इजाजत किसी मैच के दौरान ना तो दर्शकों को होती है।
वहीं खिलाड़ियों को भी ऐसा करने की अनुमति होती है और न ही कोई राजनीतिक झंडा लहराया जा सकता है। ऐसा होने पर खिलाड़ी या दर्शक के खिलाफ एक्शन लिया जा सकता है।