राजस्थान के खिलाफ पंजाब किंग्स को शशांक और आशुतोष का आसरा
आईपीएल के 27वें मैच में पंजाब किंग्स की टक्कर राजस्थान रॉयल्स से होगी। मुकाबला पंजाब के मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।
राजस्थान का यह 17वें सीजन में छठा मैच रहेगा। टीम 5 मैच में 4 जीत के बाद 8 अंक लेकर पहले नंबर पर है। उसे पिछले मैच में ही गुजरात से हार मिली। पंजाब का भी यह छठा मैच होगा। पंजाब ने 5 में से 3 मैच गंवाए हैं, टीम को दो मैचों में जीत मिली। 4 अंक के साथ टीम 8वें नंबर पर है।

आईपीएल में पंजाब और राजस्थान के बीच 26 मैच खेले गए। 11 में पंजाब और 15 में राजस्थान को जीत मिली। दोनों टीमें इस मैदान पर पहली बार ही भिड़ेंगी।
पंजाब को टूर्नामेंट में काफी संघर्ष का सामना करना पड़ा। टीम ने पांच में से दो मैच जीते और तीन गंवाए। इस साल टीम के खराब प्रदर्शन का कारण जॉनी बेयरस्टो और जितेश शर्मा जैसे बल्लेबाजों की खराब फॉर्म है।
टीम के लिए फिनिशर का काम करने के लिए पंजाब किंग्स एक बार फिर शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा पर निर्भर रहेगी। टीम के लिए शिखर धवन ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, उनके नाम 5 मैच में 152 रन हैं। अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 8 विकेट लिए, वह 3 विकेट लेकर टूर्नामेंट के टॉप विकेट टेकर बन सकते हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए चार मैच जीते लिए। उसे एक मैच गुजरात ने जयपुर में ही हराया, जो टीम का पिछला मैच था। युवा बल्लेबाज रियान पराग ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, उनके नाम 261 रन हैं।
ओपनर जोस बटलर फॉर्म में लौट आए हैं। बॉलिंग में युजवेंद्र चहल फॉर्म में लौटकर सबसे ज्यादा 10 विकेट ले चुके हैं। वह आज एक विकेट लेते ही पर्पल कैप हासिल कर लेंगे।
मोहाली के नए मैदान में तीसरा ही आईपीएल मुकाबला खेला जा रहा है। इससे पहले यहां पंजाब का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद से हुआ। यहां का हाईएस्ट आईपीएल टीम स्कोर 182/9 है, जो हैदराबाद ने पंजाब के खिलाफ पिछले मैच में ही बनाया था।
हैदराबाद को इस रोमांचक मैच में 2 रन से जीत मिली थी। यहां पहले बैटिंग करने वाली टीम और चेज करने वाली टीम ने 1-1 मैच जीता है। मुल्लांपुर में बादल छाए रहेंगे। मैच वाले दिन काफी गर्मी रहेगी। तापमान 20 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बारिश की संभावना नहीं है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
राजस्थान रॉयल्स : संजू सैमसन (विकेटकीपर & कप्तान), यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, ट्रेंट बोल्ट, कुलदीप सेन और आवेश खान
इम्पैक्ट प्लेयर : रोवमन पॉवेल, नांद्रे बर्गर, केशव महाराज
पंजाब किंग्स : शिखर धवन (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, सैम करन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शशांक सिंह, सिकंदर रजा, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बरार, कगिसो रबाडा, हर्षल पटेल और अर्शदीप सिंह
इम्पैक्ट प्लेयर : प्रभसिमरन सिंह