Trending

आईपीएल : राजस्थान की पांचवीं जीत, पंजाब को 3 विकेट से दी शिकस्त

आईपीएल के 27वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराकर इस सीजन में 5वीं जीत दर्ज की है। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 147 रन बनाया।

जवाब में राजस्थान ने 19.5 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। ये इस सीजन में पंजाब की चौथी हार है। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47 रन तक अपने शीर्षक्रम के 3 विकेट खो दिए। खराब शुरुआत के बाद टीम के मध्यक्रम ने भी निराश किया।

@AFP/Getty Images

राजस्थान की उम्दा गेंदबाजी के बीच आशुतोष शर्मा ने 31 रन की पारी खेलकर टीम को 150 के करीब पहुंचाया। जवाब में तनुश कोटियन और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने 56 रन की साझेदारी की। अंत में शिमरोन हेटमायर (27) ने टीम को जीत दिलाई। जब पंजाब ने 70 के स्कोर पर अपना 5वां विकेट खोया था, तब आशुतोष बल्लेबाजी के लिए आए।

उन्होंने 16 गेंदों पर 31 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें 1 चौका और 3 छक्के शामिल रहे। वह पंजाब की पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 33 रन बनाए थे। इस सीजन के अपने पहले मैच में उन्होंने गुजरात टाइटंस के विरुद्ध 31 रन बनाए थे।

आज राजस्थान ने केशव महाराज को मौका दिया। इस अनुभवी स्पिनर ने अपने 4 ओवर के कोटे में 23 रन देते हुए 2 विकेट लिए। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आवेश खान ने 34 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की। युजवेंद्र चहल, कुलदीप सेन और ट्रेंट बोल्ट के खाते में 1-1 विकेट आए।

दिलचस्प रूप से राजस्थान ने अपने 5 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और सभी ने विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए यशस्वी जायसवाल ने 28 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके शामिल रहे।

वह इस सीजन में अब तक कोई बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। आज की पारी उनकी इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है। उन्होंने आईपीएल में अब तक 6 मैच खेले, जिसमें 137.84 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 102 रन अपने नाम किए हैं।

राजस्थान ने 115 के स्कोर पर ध्रुव जुरेल के रूप में अपना 5वां विकेट गंवाया था। टीम को जीत के लिए जब 16 गेंदों पर 33 रन की दरकार थी, तब रोवमैन पॉवेल क्रीज पर आए। वह 5 गेंदों पर 11 रन बनाकर 136 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए।

आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन की जरूरत थी, जिसमें हेटमायर ने अपनी टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 10 गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाए।