Trending

लखनऊ के खिलाफ कोलकाता को पहली जीत की उम्मीद

आईपीएल में आज दिन का पहला मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच खेला जाएगा। कोलकाता का यह पांचवां मैच होगा। टीम 4 मैच में से 3 जीत के बाद 6 अंक लेकर तालिका में दूसरे नंबर पर है।

टीम को एकमात्र हार उसके पिछले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स से मिली। लखनऊ का यह छठा मैच होगा। टीम 5 मैच में से 3 जीत के बाद 6 अंक के साथ चौथे नंबर पर है। टीम को 2 मैचों में हार मिली।

साभार : गूगल

कोलकाता नाइटराइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच 3 मैच खेले गए। सभी मैच लखनऊ ने जीते हैं। कोलकाता के होम ग्राउंड पर दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला खेला गया है। उस रोमांचक मुकाबले में लखनऊ को 1 रन से जीत मिली थी।

कोलकाता की शुरुआत इस सीजन काफी अच्छी रही। टीम ने जीत से शुरुआत की और तीन मुकाबले जीते। केकेआर ने अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 4 रन, दूसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 7 विकेट और तीसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 106 रन के बड़े अंतर से हराया। टीम को सीजन की पहली हार उसके पिछले मैच में चेन्नई से मिली।

टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर चार मैचों में फॉर्म में नजर नहीं आए हैं। टीम के टॉप रन स्कोरर सुनील नरेन हैं। उन्होंने चार मैचों में 161 रन बनाए हैं। बॉलिंग में वैभव अरोड़ा टॉप पर हैं। उन्होंने महज दो मैचों में पांच विकेट झटके हैं।

लखनऊ की इस सीजन शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 20 रन से हार मिली। टीम ने कमबैक किया, और तीन मैच जीते।

दूसरे मैच में पंजाब किंग्स को 21 रन, तीसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 28 रन और चौथे मैच में गुजरात टाइटंस को 33 रन से हराया। टीम को पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने छह विकेट से हराया।

इस मैच में टीम को तेज गेंदबाज मयंक यादव की कमी खलेगी। उनका इस मैच में खेलना मुश्किल, वे पूरी तरफ फिट नहीं होने की वजह से पिछले मैच में नहीं खेले थे। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन निकोलस पूरन ने बनाए हैं। राइट आर्म पेसर यश ठाकुर ने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं।

ईडन गार्डन स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली है। मैच के आखिर तक स्पिनर्स एक्शन में आ जाते हैं। इस स्टेडियम में 87 आईपीएल मैच हो चुके हैं। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 36 और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 51 मैच जीते हैं।

इस स्टेडियम का हाईएस्ट टीम स्कोर 235/4 है, जो चेन्नई सुपरकिंग्स ने पिछले साल कोलकाता के खिलाफ बनाया था। 14 अप्रैल को कोलकाता का मौसम काफी गर्म रहेगा। इस दिन यहां का तापमान 37 से 27 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। यहां आज काफी उमस रह सकती है। मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।

संभावित प्लेइंग इलेवन

कोलकाता नाइटराइडर्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), फिल सॉल्ट, सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती
इम्पैक्ट प्लेयर: अनुकूल राय

लखनऊ सुपर जायंट्स : केएल राहुल (कप्तान & विकेटकीपर), क्विंटन डी कॉक, देवदत्त पडिक्कल, मार्कस स्टोयनिस, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, क्रुणाल पंड्या, अरशद खान, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर और नवीन-उल-हक
इम्पैक्ट प्लेयर : दीपक हुड्‌डा