Trending

हेड टु हेड में मुंबई का पलड़ा भारी, सीएसके से टक्कर आज

आईपीएल में दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले को सीजन का ‘एल-क्लासिको’ भी कहा जाता है। इस सीजन दोनों के बीच एक ही मैच होगा। ‘एल क्लासिको’ शब्द का इस्तेमाल फुटबॉल जगत में एफसी बार्सिलोना और रियल मैड्रिड के बीच मुकाबले के लिए किया जाता है।

स्पेन और दुनिया की ये दो बड़ी टीमें आमने-सामने होती हैं, तो इसे एल-क्लासिको कहा जाता है। यह मैच बेहद कांटे का होता है। इसी तरह जब आईपीएल में मुंबई और चेन्नई सामने-सामने होती हैं, तो यह मुकाबला काफी टक्कर का होता है।

साभार : गूगल

फैंस द्वारा क्लासिको का नाम दे दिया गया है। दोनों टीमें 5-5 बार खिताब जीत जीतकर लीग की सबसे सफल टीम हैं। हेड टु हेड में मुंबई का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच 36 मुकाबले खेले गए हैं। 20 मुंबई ने जीते, 16 में चेन्नई को जीत मिली, यानी चेन्नई के खिलाफ मुंबई 55% मुकाबला जीती है।

वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीम 11 बार आमने-सामने हो चुकी हैं। इसमें से मुंबई 7 बार और सीएसके 4 बार जीती है। मुंबई और चेन्नई की राइवलरी पुरानी है। दोनों टीमें चार बार फाइनल में भिड़ी हैं। इसमें तीन बार मुंबई और एक बार चेन्नई को जीत मिली।

सीएसके के एमएस धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड और मुंबई के रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या कप्तान हैं। 5 बार की चैंपियन मुंबई का यह छठा मैच होगा। टीम 5 मैच में से 2 जीत के बाद 4 अंक के साथ तालिका में 7वें नंबर पर है।

मुंबई की इस सीजन शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को पहले तीन मुकाबलों में हार मिली। मुंबई को अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस, दूसरे में सनराइजर्स हैदराबाद और तीसरे में राजस्थान रॉयल्स से हार मिली। इन तीन मैचों के बाद टीम ने शानदार कमबैक करते हुए पिछले दो मैचों में दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराया।

ईशान किशन टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने पांच मैचों में 161 रन बनाए हैं। जसप्रीत बुमराह टॉप विकेट टेकर हैं। वे पर्पल कैप होल्डर भी हैं।

चेन्नई की शुरुआत शानदार रही थी। चेन्नई का यह छठा मैच होगा। टीम 5 मैच में से 3 जीत के बाद 6 अंक के साथ टेबल में तीसरे नंबर पर है। टीम ने रॉयल चेलेंजर्स बेंगलुरु को हराकर सीजन का विजयी आगाज किया।

दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस को हराया। उसे तीसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स से और चौथे में सनराइजर्स हैदराबाद से हार मिली। पांचवें मुकाबले में वापसी करते हुए टीम ने कोलकाता नाइटराइडर्स को हराया।

आज के मैच में चेन्नई की प्लेइंग-11 में बदलाव हो सकता है। दीपक चाहर के साथ मथीशा पथिराना की वापसी हो सकती है। शार्दुल ठाकुर और महीश तीक्षणा को बाहर बैठना पड़ सकता है। टीम के टॉप रन स्कोरर शिवम दुबे हैं। मुस्तफिजुर रहमान टॉप विकेट टेकर हैं।

वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मददगार साबित होती है। यहां हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं। यहां तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है। यहां अब तक 112 मैच खेले गए हैं। 51 मैच में पहली इनिंग में बैटिंग करने वाली टीम और 61 में ही चेज करने वाली टीम को जीत मिली है। मुंबई में रविवार को मौसम अच्छा रहेगा। बारिश की उम्मीद नहीं है। तापमान 35 से 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

संभावित प्लेइंग इलेवन

मुंबई इंडियंस : हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, रोमारियो शेफर्ड, टिम डेविड, मोहम्मद नबी, श्रेयस गोपाल, जेराल्ड कूट्जी, जसप्रीत बुमराह और आकाश मधवाल
इम्पैक्ट प्लेयर्स : आकाश मधवाल

चेन्नई सुपर किंग्स : ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), रचिन रवींद्र, अजिंक्य रहाणे, डेरिल मिचेल, समीर रिजवी, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), दीपक चाहर, मुस्तफिजुर रहमान, तुषार देशपांडे और मथीशा पथिराना
इम्पैक्ट प्लेयर : शिवम दुबे