शिखर धवन चोट के चलते बाहर, पंजाब किंग्स को झटका
पंजाब किंग्स के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। टीम के कप्तान शिखर धवन चोट की वजह से 7 से 10 के लिए टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। गब्बर के टूर्नामेंट से बाहर होने की जानकारी कोच संजय बांगर ने पंजाब बनाम राजस्थान मैच के बाद दी है।
इस मैच में धवन के जगह सैम कुर्रन ने टीम की कमान संभाली थी और राजस्थान रॉयल्स ने यह मैच 3 विकेट से जीता था। संजय बांगर ने बताया कि धवन को कंधे में चोट लगी है जिस वजह से वह कुछ मैच मिस करेंगे।

धवन एक हफ्ते के लिए बाहर होते हैं तो वह कम से कम दो मुकाबले मिस करेंगे। पंजाब किंग्स का अगला मैच मुंबई इंडियंस से 18 अप्रैल को है, गुजरात टाइटंस के खिलाफ टीम 21 अप्रैल को मैदान पर उतरेगी।
अगर धवन की इंजरी लंबी चलती है तो वह 26 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाला मैच भी मिस कर सकते हैं। यह पंजाब किंग्स के लिए बड़ा झटका है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय बांगर ने कहा “उनके कंधे में चोट है, इसलिए उनके कम से कम कुछ दिनों तक बाहर रहने की संभावना है।
शिखर जैसा खिलाड़ी, जिसके पास ऐसे विकेटों पर खेलने का अनुभव है, उनका रहना काफी अहम हो जाता है। उन्होंने आगे कहा, “हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि वह इलाज पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं। ऐसा लगता है कि वह कम से कम सात-दस दिनों के लिए मैदान से बाहर हो सकते हैं।
शिखर धवन के लिए बल्ले से आईपीएल का अब तक का सफर कुछ खास नहीं रहा है, मगर वह 5 पारियों में 152 रनों के साथ टीम के हाइएस्ट स्कोरर है। उन्होंने 125.61 के स्ट्राइक रेट और 30.40 के औसत के साथ यह रन बनाए हैं। पंजाब किंग्स की बैटिंग इस सीजन बड़ी कमजोरी रही है। टीम का टॉप ऑर्डर लगातार फ्लॉप हो रहा है।