Trending

नहीं रहे जर्मनी के दिग्गज फुटबॉलर बर्नड होलजेनबीन

पश्चिम जर्मनी की 1974 विश्व कप जीत के दौरान नीदरलैंड के खिलाफ फाइनल में महत्वपूर्ण पेनल्टी दिलाने वाले फुटबॉलर बर्नड होलजेनबीन का सोमवार को निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे।

होलजेनबीन के पूर्व क्ल्ब एंट्राच्ट फ्रैंकफर्ट ने एक बयान में कहा कि उनका सोमवार को निधन हो गया, वह अपने परिवार के साथ थे। इसमें इससे ज्यादा जानकारी नहीं दी गयी है। क्लब ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘हमारे सबसे महानतम खिलाड़ियों में से एक का निधन हो गया। होलजेनबीन ने पश्चिम जर्मनी के लिए 40 मैच खेले।

साभार : गूगल

उन्हें 1974 में विश्व कप फाइनल में नीदरलैंड पर जीत में निभाई उनकी भूमिका के लिए याद किया जाता है। पश्चिम जर्मनी ने वापसी करते हुए फाइनल में नीदरलैंड को 2-1 से हराया था।

होलजेनबीन ने पश्चिम जर्मनी के साथ 1976 यूरोपीय चैंपियनशिप फाइनल भी खेला था जिसमें उन्होंने चेकोस्लोवाकिया के खिलाफ गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर किया था, उनकी टीम पेनल्टी में हार गयी थी।

क्लब लेवल पर उन्होंने अपना ज्यादातर फुटबॉल करियर फ्रैंकफर्ट क्लब में ही बिताया, जहां वो सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी रहे। उन्होंने 420 मैचों में 160 गोल किए।

फ्रैंकफर्ट क्लब के साथ 14 साल के अपने सफर में उन्होंने तीन बार जर्मन कप और एक बार यूईएफए कप जीता। वो अमेरिका में फोर्ट लॉडरडेल स्ट्राइकर्स, मेम्फिस अमेरिकन्स और बाल्टिमोर ब्लास्ट के लिए खेलते रहे।