Trending

आईपीएल : हैदराबाद की पांचवीं जीत, दिल्ली को चखाया हार का स्वाद

आईपीएल के 35वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 67 रन से हराकर पांचवीं जीत दर्ज की है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 266 रन बनाए थे।

जवाब में दिल्ली 19.1 ओवर में 199 रन पर ढेर हो गई। दिल्ली ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ और हैदराबाद ने पहले 6 ओवर में बिना विकेट गिरे 125 रन बनाए थे।

@AFP/Getty Images

ट्रेविस हेड (89), अभिषेक शर्मा (46) और शाहबाज अहमद (59) की शानदार पारियों के दम पर हैदराबाद ने पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। जवाब में जैक फ्रेजर मैकगर्क (65) और ऋषभ पंत (44) ने अच्छी बल्लेबाजी तो की, अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।

हेड ने मैच में 32 गेंद का सामना किया और 89 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 278.12 की रही। उन्होंने पहले विकेट के लिए अभिषेक (46) के साथ 38 गेंद में 131 रन जोड़ दिए।

हेड ने 16 गेंद का सामना करते हुए अपना अर्धशतक जड़ा जो इस सीजन का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। यह उनके आईपीएल करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। हेड के अलावा अभिषेक ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस सीजन में 16 गेंद में अर्धशतक जड़ा था।

@BCCI

सूर्यकुमार यादव ने इस सीजन आरसीबी के खिलाफ 17 गेंद में अर्धशतक लगाया था। हेड मुंबई के खिलाफ 18 गेंद में इस सीजन का तीसरा सबसे तेज अर्धशतक लगा चुके हैं।

आईपीएल के किसी भी मुकाबले में पॉवरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में हेड (84) दूसरे स्थान पर हैं। पहले स्थान पर सुरेश रैना (87) हैं। हेड ने पॉवरप्ले के दौरान तीसरी बार 50+ का स्कोर बनाया। क्रिस गेल और सुनील नरेन ने भी 3 बार यह कारनामा किया है।

डेविड वार्नर ने 6 बार पॉवरप्ले के दौरान 50+ का स्कोर बनाया है। आईपीएल में हेड ने 6 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 54.00 की औसत और 216 की स्ट्राइक रेट से 324 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक निकला है।

हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स का रिकॉर्ड तोड़ते हुए पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा रन (125) बनाने वाली टीम बनी। केकेआर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ साल 2017 में 103 रन बनाए थे। दिल्ली ने भी पॉवरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर (88) बनाया।

हैदराबाद ने टी-20 क्रिकेट में 3 बार 250+ का स्कोर बनाया है। उन्होंने सरे क्रिकेट टीम की बराबरी की है, जिन्होंने भी 3 बार यह कारनामा किया है। फ्रेंचाइजी क्रिकेट में 3 टीमें संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।

समरसेट क्रिकेट टीम और यॉर्कशायर काउंटी क्रिकेट टीम ने 2 बार 250+ का स्कोर बनाया है। आईपीएल में आरसीबी ने 2 बार यह आंकड़ा अपने नाम किया है। हैदराबाद ने आईपीएल का चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। हैदराबाद ने इसी सीजन आरसीबी के खिलाफ (287/3) का स्कोर बनाया था। दूसरे स्थान पर भी हैदराबाद ही है।

उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 3 विकेट खोकर 277 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर केकेआर है, उन्होंने भी इसी सीजन दिल्ली के खिलाफ 272 रन बनाए थे। पांचवें स्थान पर आरसीबी है, जिन्होंने साल 2013 में पुणे के खिलाफ 263 रन बनाए थे। इसी सीजन उनका रिकॉर्ड टूटा है।

हैदराबाद ने अपने ही एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी की, उन्होंने पारी में 22 छक्के लगाए। इससे पहले वह आरसीबी के खिलाफ इतने ही छक्के लगा चुकी हैं। यह किसी भी टीम द्वारा आईपीएल की एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं।

हैदराबाद को 154 रन पर हेनरिक क्लासेन (15) के रूप में चौथा झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए शाहबाज ने तेजी से रन बनाते हुए पारी को आगे बढ़ाया।

उन्होंने नितीश रेड्डी (37) के साथ 5वें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी निभाई। उन्होंने आखिरी ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक रहा। वह 29 गेंदों में 2 चौके और 5 छक्कों से 59 रन बनाकर नाबाद रहे।

कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 55 रन खर्च करते हुए 4 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। वह पहली बार पारी के 7वां ओवर लेकर गेंदबाजी करने आए कुलदीप ने पहले अभिषेक और एडेन मार्करम (1) को आउट कर दिल्ली की वापसी करा दी।

इसके बाद उन्होंने हेड और नितीश रेड्डी (37) के विकेट भी चटकाए। कुलदीप ने आईपीएल में 78 मैच खेल हैं, जिसकी 76 पारियों में 26.77 की औसत से 81 विकेट लिए हैं।

दिल्ली के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए जेक फ्रेजर मैकगर्क ने सिर्फ 15 गेंद का सामना करते हुए अर्धशतक जड़ दिया। यह आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने सिर्फ 18 गेंद का सामना किया और 65 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 5 चौके और 7 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 361.11 की रही। इस खिलाड़ी ने अभिषेक पोरेल के साथ सिर्फ 30 गेंद में 84 रन की साझेदारी निभाई।