आईपीएल 2024 : दूसरी बार आमने-सामने होगी पंजाब व गुजरात
आईपीएल में दिन का दूसरा मुकाबला पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। टॉस शाम 7:00 बजे होगा।
पंजाब और गुजरात दोनों का यह 8वां मैच होगा। पंजाब 7 मैच में से 2 जीत के बाद 4 अंक लेकर अंक तालिका में नौवें नंबर पर है। गुजरात 7 मैच में से 3 जीत के बाद 6 अंक लेकर अंक तालिका में आठवें नंबर पर है।

दोनों टीमों के बीच कुल 4 मैच खेले गए हैं। 2 में पंजाब और 2 में ही गुजरात को जीत मिली। इस मैदान पर दोनों टीमें पहली बार एक-दूसरे का सामना करेंगी। लीग के मौजूदा सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। पिछले मैच में गुजरात के होम ग्राउंड पर खेला गया था, जिसमें पंजाब को 3 विकेट से जीत मिली थी।
पंजाब ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर शुरुआत की थी। टीम को दूसरे मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और तीसरे मैच में लखनऊ सुपर जॉयंट्स के खिलाफ हार मिली।
शिखर धवन की कप्तानी वाली टीम ने चौथे मैच में गुजरात टाइटंस को हराया। टीम को पांचवें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और छठे में राजस्थान रॉयल्स ने हराया। टीम को पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार मिली।
टीम के टॉप रन स्कोरर शशांक सिंह हैं। उन्होंने सात मैचों में एक अर्धशतक से 187 रन बनाए हैं। गेंदबाज सैम करन टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। टीम के रेगुलर कप्तान शिखर धवन का आज के मैच में भी खेलना मुश्किल है। वे चोट कि वजह से पिछले मैच में भी नहीं खेल सके थे। उनकी जगह सैम करन कप्तानी कर रहे हैं।
गुजरात ने इस सीजन कि शुरुआत मुंबई इंडियंस को हरा की थी। टीम को दूसरे मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। तीसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया। चौथे में पंजाब और पांचवें में लखनऊ सुपर जॉयंट्स के खिलाफ हार मिली। छठे में राजस्थान रॉयल्स को हराया। पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार मिली।
गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने पिछले 7 मुकाबलों में 1263 रन बनाए। पेसर मोहित शर्मा टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
मोहित ने पिछले 7 मैचों में कुल 8 विकेट लिए हैं। मोहाली के नए मैदान में यह पांचवां आईपीएल मुकाबला खेला जाएगा। यहां का हाईएस्ट आईपीएल टीम स्कोर 192/7 है, जो मुंबई ने पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ बनाया था।
मुंबई को इस रोमांचक मैच में 9 रन से जीत मिली थी। यहां पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 2 और चेज करने वाली टीम ने भी 2 मैच जीते हैं। मुल्लांपुर में रविवार को काफी तेज धुप रहेगी। मैच शाम में खेला जाना है। मैच वाले दिन यहां का तापमान 36 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
पंजाब किंग्स : सैम करन (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, राइली रूसो, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), लियम लिविंगस्टन, शशांक सिंह, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बरार, हर्षल पटेल, कगिसो रबाडा और अर्शदीप सिंह
इम्पैक्ट प्लेयर : राहुल चाहर
गुजरात टाइटंस : शुभमन गिल (कप्तान), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, डेविड मिलर, अभिनव मनोहर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहित शर्मा, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन और संदीप वॉरियर्स
इम्पैक्ट प्लेयर : साई किशोर