आईपीएल : केकेआर की रोमांचक जीत, आरसीबी को 1 रन से दी शिकस्त
आईपीएल के 36वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 1 रन से हराते हुए इस सीजन में 5वीं जीत दर्ज की है। ईडन गार्डन में खेले गए मैच में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 222 रन बनाया।

जवाब में आरसीबी पूरे ओवर खेलने के बाद 10 विकेट पर 221 रन ही बना सकी। केकेआर ने फिल सॉल्ट की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से पावरप्ले के बाद 3 विकेट पर 75 रन बनाए। सॉल्ट 14 गेंदों पर 48 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान श्रेयस अय्यर (50) ने अर्धशतक लगाया और आखिरी ओवरों में रमनदीप सिंह (24) ने टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। जवाब में आरसीबी ने 35 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के गंवा दिए। विल जैक्स और रजत पाटीदार ने अर्धशतक लगाए, जीत नहीं दिला सके।

केकेआर को पहले बल्लेबाजी करते हुए 75 रन के कुल स्कोर पर अंगकृष रघुवंशी (3) के रूप में तीसरा झटका लगा था। उसके बाद श्रेयस बल्लेबाजी के लिए आए थे।
उन्होंने शुरुआत में कुछ समय विकेट पर बिताया और फिर तेजी से रन बनाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्के से 50 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके आईपीएल करियर का 20वां और इस संस्करण का पहला ही अर्धशतक रहा।

मोहम्मद सिराज ने अपने 4 ओवर के कोटे में 40 रन देते हुए 1 सफलता हासिल की। सिराज आईपीएल में आरसीबी के लिए तीसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने विनय कुमार (72 विकेट) को पीछे छोड़ा है। सिराज ने आरसीबी के लिए 80 मैचों में 32.64 की औसत से 73 विकेट ले लिए हैं।
इस सूची में युजवेंद्र चहल (139) और हर्षल पटेल (99) ही उनसे आगे हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए रजत पाटीदार ने 21 गेंदों पर ही अर्धशतक पूरा किया। वह 23 गेंदों पर 52 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 3 चौके और 5 छक्के भी लगाए।
पाटीदार आरसीबी की ओर से संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने एबी डिविलियर्स की बराबरी की है। आरसीबी में पाटीदार से तेज अर्धशतक सिर्फ क्रिस गेल और रोबिन उथप्पा ने लगाए हैं।
विल जैक्स ने अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक 29 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी कर रन रेट को बनाए रखने का प्रयास किया और रजत पाटीदार (52) के साथ 102 रन की शतकीय साझेदारी निभाई। वह 32 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों से 55 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी का अंत आंद्रे रसेल ने पारी के 12वें ओवर में किया।