Trending

खाली हाथ वापसी करेंगे पुरुष पहलवान

भारत के पुरुष फ्री स्टाइल पहलवानों के बाद ग्रीको रोमन में फ्लॉप शो जारी रहा। रविवार को एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में कोई भी पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल नहीं कर सका।

सभी पुरुष पहलवान खाली हाथ लौटेंगे। सुनील (87 किग्रा) ही एकमात्र भारतीय थे जो एक मुकाबला जीतने में सफल रहे वर्ना अन्य तो अपने पहले दौर में ही हारने के बाद बाहर हो गए। सुनील ने अपने पहले मैच में जापान के प्रतिद्वंद्वी सोह साकाबे को 5-1 से हराया।

साभार : गूगल

क्वार्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान के जलगासबे बर्डीमुरातोव से 2-4 से हार गए। उन्होंने दो बार खुद को उठाए जाने से बचाया। कुछ समय के लिए वह मुकाबले में आगे चल रहे थे। दो बार उन्हें दिए गए अंकों को वापस ले लिया गया, उज्बेकिस्तान के शिविर ने रेफरी के फैसले को चुनौती दी। अंत में सुनील को बर्डीमुरातोव से हार मिली।

अंशु (67 किग्रा) उज्बेकिस्तान के अबरोर अताबाएव से क्वालीफिकेशन मुकाबला तकनीकी श्रेष्ठता से दो मिनट से कम समय में हार गए। सुमित (60 किग्रा), विकास (77 किग्रा), नीतेश (97 किग्रा) और नवीन (130 किग्रा) भी पहले ही दौर में हार गए। ग्रीको रोमन पहलवानों ने पिछली बार ओलंपिक में 2016 में हिस्सा लिया था जब रविंदर खत्री और हरदीप सिंह रियो ओलंपिक में खेले थे।