होम ग्राउंड पर खेलने के लिए लौटी सीएसके, देखें वीडियो
अपने होमग्राउंड पर खेलने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स वापस आ गयी है। टीम ने अपने आधिकारिक अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एमएस धोनी के साथ-साथ चेन्नई के अन्य खिलाड़ी एयरपोर्ट पर दिखाई दे रहे हैं।
चेन्नई पहुंचने पर टीम का प्रशंसकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। चेन्नई की टीम ने जारी सीजन में अपने घर पर सभी मैच जीते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में गुरुवार को मैच होगा।

चेन्नई द्वारा शेयर वीडियो में टीम के खिलाड़ी एयरपोर्ट से बस की तरफ जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक मिलने से फैंस काफी खुश नजर आए।
एयरपोर्ट पर पीली जर्सी पहने हुए प्रशंसक भी नजर आए। जारी सीजन में चेन्नई के घर से बाहर वाले गेम में भी स्टेडियम में सिर्फ पीली जर्सी वाले दर्शक देखने को मिल रहे हैं।
अंक तालिका में सीएसके इस समय चौथे स्थान पर है। टीम ने सात मैच खेले हैं और चार में जीत दर्ज की है। लखनऊ सुपर जायंट्स सात मैच में चार जीत के साथ पांचवें स्थान पर है। पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को अपने घर पर आठ विकेट से हराया था।
लखनऊ में हुए इस मुकाबले में सीएसके के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने विस्फोटक पारी खेली थी। उन्होंने 28 रन बनाए थे। उनकी इस दमदार पारी से चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 176 रन बनाए थे। लखनऊ ने क्विंटन डिकॉक और केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों से मैच 8 विकेट से जीता।