Trending

मुंबई के बाकी गेंदबाजों का फॉर्म चिंताजनक, राजस्थान से होगा आमना-सामना

आईपीएल के 17वें सीजन में आज मुंबई इंडियंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। टॉस शाम 7:00 बजे होगा।

राजस्थान रॉयल्स 7 में से 6 मैच जीतकर 12 अंक के साथ अंक तालिका में टॉप पर है। मुंबई इंडियंस 7 में से 3 मैच जीतकर 6 अंक के साथ छठे नंबर पर है। आज का मैच जीतकर मुंबई टॉप-4 में आ सकती है। मुंबई ने जयपुर में 72% मैच गंवाए हैं और आज यहीं मैच होगा।

साभार : गूगल

दोनों टीमों के बीच कुल 29 मैच खेले गए। 15 में मुंबई और 13 में राजस्थान को जीत मिली, एक मैच बेनतीजा भी रहा। जयपुर में दोनों के बीच 7 मैच हुए, इनमें मुंबई 28% यानी 2 बार ही जीत सकी। वहीं होम टीम को 5 मैचों में जीत मिली।

2008 में पहले ही सीजन का खिताब उठाने वाली राजस्थान रॉयल्स 17वें सीजन में अंक तालिका के टॉप पर है। टीम ने 7 में से 6 मैचों में जीत हासिल की और एक मुकाबला गंवाया। टीम के पास 12 अंक हैं और उन्हें एकमात्र हार गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली। पिछले 2 मुकाबलों में टीम ने पंजाब और कोलकाता को हराया है।

कप्तान संजू सैमसन, जोस बटलर और रियान पराग 250 से ज्यादा रन बना चुके हैं। पराग तो 318 रन बनाकर टीम के टॉप रन स्कोरर भी हैं। गेंदबाजों में आवेश खान, ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। चहल 12 विकेट लेकर टीम के टॉप गेंदबाज हैं।

मुंबई इंडियंस 7 मैचों में 3 जीत और 4 हार से 6 अंक लेकर छठे नंबर पर है। टीम आज का मैच जीतकर 8 अंक के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच जाएगी। बड़े अंतर से जीतने पर टीम चेन्नई को पीछे कर चौथे नंबर पर भी पहुंच सकती है।

पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, ईशान किशन और सू्र्यकुमार यादव बेहतरीन फॉर्म में हैं। रोहित ने ही टीम के लिए सबसे ज्यादा 297 रन भी बनाए हैं। गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और जेराल्ड कूट्जी को विकेट मिल रहे हैं, बाकी गेंदबाजों का फॉर्म चिंताजनक है। बुमराह 13 विकेट के साथ टीम के टॉप विकेट टेकर भी हैं।

जयपुर में सोमवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है, टेम्परेचर 26 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दूसरी पारी के दौरान ओस आ सकती है।

जयपुर की पिच बैटिंग फ्रेंडली है, इस सीजन यहां 4 मैच खेले गए और हर बार 180 से ज्यादा रन बने। 2 बार पहले बैटिंग और 2 ही बार बाद में बैटिंग करने वाली टीमों को जीत मिली। राजस्थान ने इस सीजन यहां एक ही मैच गंवाया है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

संभावित प्लेइंग इलवेन

राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन (कप्तान & विकेटकीपर), जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, रविचंद्रन अश्विन, आवेश खान, ट्रेंट बोल्ट, नांद्रे बर्गर/केशव महाराज
इम्पैक्ट: कुलदीप सेन, शुभम दुबे

मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, मोहम्मद नबी, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, श्रेयस गोपाल, जेराल्ड कूट्जी और जसप्रीत बुमराह
इम्पैक्ट: आकाश मधवाल, नेहल वाधेरा, नमन धीर