हेड टु हेड में मुंबई इंडियंस पर कोलकाता नाइट राइडर्स भारी
आईपीएल के 60वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की टक्कर मुंबई इंडियंस से होगी। केकेआर और मुंबई के बीच यह दूसरा मुकाबला होगा। पिछले मैच में कोलकाता को 24 रन से जीत मिली थी।
कोलकाता का सीजन में आज यह 12वां मैच रहेगा। टीम को 11 में से 8 मैच में जीत और 3 में हार मिली। टीम अंक तालिका में टॉप पर है।

मुंबई का यह 13वां मैच रहेगा, मुंबई 12 में से 4 मैच में जीत और 8 में हार के बाद 8 अंक के साथ 8वें नंबर पर है। आज का मैच जीतकर केकेआर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लेगी। वहीं मुंबई प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर है।
मुंबई हेड टु हेड में कोलकाता पर भारी है। दोनों के बीच 33 आईपीएल मैच खेले गए, 23 में मुंबई और 10 में कोलकाता को जीत मिली। दोनों टीमें ईडन गार्डन्स में 10 बार भिड़ीं, 7 बार मुंबई और 3 बार केकेआर को जीत मिली।
कोलकाता का इस सीजन शानदार फॉर्म जारी है। टीम के बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं। सुनील नरेन और फिलिप सॉल्ट ने टीम के लिए 400 से ज्यादा रन बनाए हैं।
कप्तान श्रेयस अय्यर और वेंकटेश अय्यर ने 200 से ज्यादा रन बनाए हैं। नरेन 461 रन के साथ टीम के टॉप स्कोरर हैं। वरुण चक्रवर्ती 11 मैचों में 16 विकेट के साथ टॉप विकेट टेकर हैं।
मुंबई इस पूरे सीजन लय में दिखी ही नहीं। तिलक वर्मा टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में टॉप पर हैं। उन्होंने 12 मैच में 384 रन बनाए हैं।
सूर्यकुमार यादव 334 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। उन्होंने 12 मैचों में 18 विकेट लिए हैं।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली है। इस स्टेडियम में अब तक 92 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने 37 और चेज करने वाली टीमों ने 55 मैच जीते हैं।
इस स्टेडियम का हाईएस्ट टीम स्कोर 262/2 है, जो पंजाब ने इसी साल कोलकाता के खिलाफ बनाया था। 11 मई को कोलकाता में बारिश की संभावना है।
कुछ हिस्सों में सुबह तूफान और उसके बाद दोपहर में बारिश और तूफान आने की आशंका है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे, बारिश की 80% आशंका है। टेम्परेचर 26 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
कोलकाता नाइट राइडर्स : श्रेयस अय्यर (कप्तान), फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अंगकृष रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, वरुण चक्रवर्ती और हर्षल पटेल
इम्पैक्ट प्लेयर : वैभव अरोड़ा
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, टिम डेविड, अंशुल कंबोज, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह और नुवान थुषारा
इम्पैक्ट प्लेयर : जेराल्ड कूट्जी