रोहित और अभिषेक नायर की बातचीत वायरल, सामने आई फैंस की प्रतिक्रियाएं
केकेआर बनाम मुंबई मैच से पहले रोहित शर्मा का एक वीडियो सामने आया है जिसने हंगामा मचा दिया है। वीडियो में पूर्व कप्तान केकेआर के सपोर्टिंग स्टाफ अभिषेक नायर से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

केकेआर ने इस वीडियो को अधिकारिक अकाउंट से पोस्ट किया था, फैंस ने वीडियो में हो रही बातचीत पर गौर किया और यह बातचीत वायरल हुई तो केकेआर ने वीडियो को डिलीट कर दिया।
तब तक फैंस वीडियो को डाउनलोड कर चुके थे और यह वीडियो सोशल मीडिया पर है। फैंस के शोर के चलते रोहित और अभिषेक के बीच हो रही यह बातचीत साफ नहीं है, जितना समझ आ रहा है उसके अनुसार रोहित कहते दिख रहे हैं, ‘एक-एक चीज चेंज हो रहा है…वो उनके ऊपर है…जो भी है वो मेरा घर है भाई, वो टैंपल (मंदिर) जो है ना मैंने बनवाया है…भाई मेरा क्या, मेरा तो ये लास्ट है…
बाकी बातचीत सुनाई नहीं दे रही है, रोहित और अभिषेक की यह बातचीत वायरल होने के बाद फैंस ने इसको लेकर प्रतिक्रियाएं देना शुरू किया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि रोहित मुंबई कप्तानी और टीम के मौजूदा माहौल के बारे में बात कर रहे थे।
बता दें, मुंबई मैनेजमेंट ने आईपीएल से पहले रोहित से कप्तानी छीन ली थी। हिटमैन की जगह हार्दिक पांड्या को टीम का नया कप्तान बनाया गया था, जिसे मुंबई ने गुजरात से ट्रेड किया था।
रोहित से कप्तानी छीने जाने वाली बात मुंबई के फैंस पचा नहीं पाए है, यही वजह है जिस मैदान पर मुंबई खेलने जाती है, रोहित शर्मा के लिए भरपूर सपोर्ट देखने को मिलता है, हार्दिक पांड्या के खिलाफ हूटिंग होती है।
इन सभी चीजों का असर आईपीएल में मुंबई के परफॉर्मेंस पर पड़ा। यही वजह है मुंबई इस साल टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बनी। मुंबई ने अभी तक कुल 12 मुकाबले खेले हैं जिसमें टीम को 4 ही जीत मिली है। टीम अंक तालिका में 9वें पायदान पर है।