विराट के इस बड़े रिकॉर्ड की बाबर आजम ने कर ली बराबरी
टी20 वर्ल्ड कप का आगाज होने से पहले आयरलैंड ने पाकिस्तान को तीन मैच की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में 5 विकेट से हराकर उलटफेर किया है।

आइरिश टीम की यह पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में पहली जीत है। इस हार के इतर कप्तान बाबर आजम ने विराट के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
बाबर ने आयरलैंड के खिलाफ पहले टी-20 में 57 रन की पारी खेली थी। उनकी इस पारी के दम पर ही मेहमान टीम 182 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही थी।
बाबर के टी-20 करियर का यह 38वां 50 से अधिक का स्कोर है। इसी के साथ उन्होंने टी-20 क्रिकेट में सबसे अधिक 50 से ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
बाबर और कोहली दोनों के नाम इस फॉर्मेट में 38-38 50+ स्कोर का रिकॉर्ड है। बाबर की नजरें दूसरे टी-20 में एक और अर्धशतक ठोक विराट कोहली से आगे निकल नंबर-1 बनने पर होगी।
बाबर ने 115 टी-20 में 35 अर्धशतक और 3 शतक लगाए हैं। विराट के नाम 117 टी-20 में 37 अर्धशतक और 1 शतक दर्ज है। इस लिस्ट में कप्तान रोहित शर्मा 34 50+ स्कोर के साथ तीसरे पायदान पर हैं। इन तीनों के अलावा टी-20 में कोई 30 से अधिक बार 50+ स्कोर नहीं कर पाया है।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान ने बाबर की 57 रनों की पारी से 182 रन बनाए। बाबर के अलावा सईम अय्यूब ने 45 तो इफ्तिखार अहमद ने 37 रनों की पारी खेली।
इस स्कोर का पीछा मेजबान टीम ने 1 गेंद और 5 विकेट शेष रहते किया। सलामी बल्लेबाज एंड्रयू बालबर्नी 77 रनों की शानदार पारी खेल आयरलैंड की जीत के हीरो बने।
टी-20 (सबसे अधिक बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज)
विराट कोहली- 38
बाबर आजम- 38
रोहित शर्मा- 34
मोहम्मद रिजवान- 27
डेविड वॉर्नर- 27
केएल राहुल- 24