दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान पंत पर एक मैच का बैन
बीसीसीआई ने दिल्ली कैपिटल्स को झटका दिया है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में स्लो ओवर रेट अपराध के लिए बोर्ड ने उनके कप्तान ऋषभ पंत पर एक आईपीएल मैच का बैन लगा दिया है.

पंत पर 30 लाख रुपए का जुर्माना लगा है. 7 मई को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में आखिरी ओवर शुरू होने के वक्त दिल्ली निर्धारित समय से 10 मिनट पीछे थी.
दिल्ली कैपिटल्स तीसरी बार समय से अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई. उन पर भारी जुर्माना और एक मैच का बैन लगाया गया है. इम्पैक्ट प्लेयर सहित दिल्ली के प्लेइंग इलेवन के बाकी सदस्यों पर 12 लाख रुपए या उनकी मैच फीस का 50 फीसदी (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया गया है.
आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 8 के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स ने मैच रेफरी के फैसले को चुनौती देते हुए अपील दायर की थी. लोकपाल ने वर्चुअल सुनवाई की और बताया कि मैच रेफरी का फैसला सही है.
प्लेऑफ की रेस में शामिल दिल्ली कैपिटल्स के लिए पंत का बैन होना झटका है. पंत रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे.
दिल्ली को प्लेऑफ में जाने के लिए आरसीबी के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी. साथ ही उन्हें अगला मैच अपने नाम करना होगा. दिल्ली को दुआ करनी होगी कि बाकी टीमों के परिणाम उनके हक में आए. दिल्ली अंक तालिका में 12 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर है.