निशानेबाजी : चयन ट्रायल में ईशा और अनीष की दूसरी जीत
ईशा सिंह और अनीष भानवाला ने क्रमश: महिला 25 मीटर पिस्टल और पुरुष 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल के ट्रायल जीतकर ओलंपिक चयन ट्रायल में दूसरी जीत दर्ज की।

दोनों ने दिल्ली में पहला ट्रायल जीता था। मध्य प्रदेश राज्य निशानेबाजी अकादमी रेंज में ईशा ने फाइनल में 43 अंक मिले। उनका स्कोर इसी महीने बाकू विश्व कप में कोरिया की किम येजी के विश्व रिकॉर्ड स्कोर से एक अंक अधिक है।
मनु भाकर 40 निशाने लगाकर दूसरे, रिद्धम सांगवान (33 अंक) तीसरे स्थान पर रही। सिमरनप्रीत कौर बरार और अभिदन्या पाटिल ने क्रमश: चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया।
अनीष ने फाइनल में दबदबा बनाया। उन्होंने पांच निशानों की शुरुआती तीन सीरीज में सभी सटीक निशाने लगाए। उन्होंने 36 अंक के साथ खिताब जीता।
विजयवीर सिद्धू (31 अंक) दूसरे और अंकुर गोयल (19 अंक) तीसरे स्थान पर रहे। आदर्श सिंह और भावेश शेखावत क्रमश: चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया। ये सभी 10 निशानेबाज सोमवार को ओलंपिक चयन ट्रायल के चौथे और अंतिम ट्रायल में भाग लेंगे।