टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने वाले कप्तान बने बाबर आजम
बाबर आजम ने एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कप्तान के तौर पर बना दिया है। वे टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नई उपलब्धि हासिल करने में सफल हो गए हैं।

बाबर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। वे एमएस धोनी और रोहित शर्मा को पहले ही पीछे छोड़ चुके हैं और युगांडा की टीम के कप्तान को पीछे छोड़ दिया है।
बाबर की कप्तानी में पाक ने रविवार 12 मई को 45वां मुकाबला जीता। इतने मुकाबले किसी अन्य कप्तान ने अपनी टीम को नहीं जिताए हैं। बाबर ने इस मामले में युगांडा टीम के कप्तान ब्रायन मसाबा को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने अपनी टीम को 44 मुकाबले जिताए हैं।
इंग्लैंड के इयोन मोर्गन इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने इंग्लैंड की टीम को 42 मैचों में जीत दिलाई थी। इतने ही मैच अफगानिस्तान को असगर अफगान ने जिताए थे। लिस्ट में पांचवें नंबर पर भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी हैं, जिन्होंने 41 मैचों में टीम को जीत दिलाई थी।
रोहित शर्मा भी इतने ही टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम इंडिया को जीत दिला चुके हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में जब रोहित फिर से भारत की कप्तानी करने उतरेंगे तो एमएस धोनी के रिकॉर्ड को पहले या दूसरे ही मैच में धराशायी कर देंगे।
बाबर आजम की बात करें तो वे 2019 से टीम की कप्तानी करते हुए आ रहे हैं। अब तक 78 मैचों में वे टीम के कप्तान रहे हैं और उनमें से 45 मैचों में टीम को जीत दिलाई है।
26 मैचों में टीम को हार मिली है, सात मैचों का नतीजा बारिश के कारण नहीं निकल पाया है। बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम का जीत प्रतिशत 57.69 का है।
टी-20 मैचों में सबसे ज्यादा जीत (बतौर कप्तान)
45 मैचों में जीत – बाबर आजम
44 मैचों में जीत – ब्रायन मसाबा
42 मैचों में जीत – इयोन मोर्गन
42 मैचों में जीत – असगर अफगान
41 मैचों में जीत – एमएस धोनी
41 मैचों में जीत – रोहित शर्मा