टी-20 विश्व कप : भारत अगर अंतिम चार में पहुंचा तो गयाना में खेलेगा सेमीफाइनल
भारतीय टीम अगर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचती है तो 27 जून को गयाना में यह मुकाबला खेलेगी। अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप में खेलने की शर्तों के अनुसार रिजर्व दिन सिर्फ 29 जून को बारबाडोस में होने वाले फाइनल के लिये रखा गया है।

खेलने की शर्तों के अनुसार ,‘‘भारत सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई करता है तो 27 जून को गयाना में दूसरा सेमीफाइनल खेलेगा।
पहला सेमीफाइनल 26 जून को त्रिनिदाद में होगा जो रात का मैच है, गयाना में दूसरा सेमीफाइनल दिन में होगा जो भारतीय टीवी दर्शकों के अनुकूल समय होगा। दूसरा सेमीफाइनल भारतीय समयानुसार रात 8: 30 से शुरू होगा जिसमें मौसम की गाज गिरने पर 250 मिनट का अतिरिक्त समय होगा।
पहले सेमीफाइनल को अतिरिक्त समय मिलेगा, जो 26 जून को 60 मिनट और 27 जून को दोपहर दो बजे से 190 मिनट का होगा। फाइनल 29 जून को होगा जिसके लिये 30 जून को रिजर्व दिन होगा।