पेरिस ओलंपिक में कुश्ती की चयन पात्रता पर 21 मई को फैसला
भारतीय कुश्ती महासंघ पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय टीम चुनने के लिए 21 मई को चयन मानदंड तय करेगा। भारत ने ओलंपिक के लिए कुश्ती में छह कोटा स्थान हासिल किए हैं जिनमें से पांच महिला पहलवानों को मिले हैं। अमन सहरावत पुरुषों के फ्रीस्टाइल 57 किग्रा वर्ग में कोटा हासिल करने वाले एकमात्र पहलवान हैं।

डब्ल्यूएफआई ने कहा था कि वह 26 जुलाई से शुरू होने वाले पेरिस खेल में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले पहलवानों का चयन करने के लिए अंतिम ट्रायल आयोजित करेगा।
पहले बताए गए मानदंडों के अनुसार यह बोला गया था कि अंतिम ट्रायल में शीर्ष चार में रहने वाले पहलवान एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करेंगे और उनमें से शीर्ष पर रहने वाला पहलवान कोटा विजेता के साथ मुकाबला करेगा।
डब्ल्यूएफआई सूत्र ने एक समाचार एजेंसी को बताया, ‘‘डब्ल्यूएफआई ने चयन मानदंड तय करने के लिए 21 मई को दिल्ली में चयन समिति की बैठक बुलाई है। दोनों शैलियों (पुरुष फ्रीस्टाइल और महिला कुश्ती) के दो मुख्य कोच चर्चा का हिस्सा होंगे।
यदि कोटा विजेताओं को प्रतिस्पर्धा की मंजूरी मिलती है, रवि दहिया (पुरुषों की 57 किग्रा) और सरिता मोर (महिलाओं की 57 किग्रा) जैसे पहलवानों के लिए पेरिस के सपने का अंत होगा, वे चयन के लिए अंतिम चुनौती पेश नहीं कर पाएंगे।
टोक्यो में चार कोटा विजेताओं- बजरंग पूनिया, दीपक पूनिया, रवि दहिया और विनेश फोगाट- को अपने-अपने वर्ग में चुनौती पेश करने की स्वीकृति मिली थी और उनका ट्रायल नहीं हुआ था।
विनेश फोगाट की अगुआई में भारत की पांच महिला पहलवानों को ओलंपिक कोटा मिला है। अंतिम पंघाल (53 किग्रा), अंशू मलिक (57 किग्रा), निशा दहिया (68 किग्रा) और रीतिका हुडा (76 किग्रा) कोटा हासिल करने वाली अन्य महिला पहलवान हैं।
दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में मुख्य कोच द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता ललित कुमार ने बताया कि ट्रायल की आवश्यकता क्यों नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पहलवानों ने हाल ही में क्वालीफाई किया है। ऐसा नहीं है कि उन्होंने एक साल पहले ही क्वालीफाई किया था और उनकी फिटनेस तथा फॉर्म का आकलन करने की जरूरत है।
पहलवान फॉर्म खो देते हैं या चोटिल हो जाते हैं, आपको उनका आकलन करने की जरूरत है कि क्या वे अपनी श्रेणी में भारत के सर्वश्रेष्ठ दावेदार हैं क्योंकि खिलाड़ी वास्तव में अपनी चोटें छिपा सकते हैं।
अमन ने ट्रायल के बारे में चिंता व्यक्त की है और कहा है कि यह समय खेलों की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने का है ना कि वजन घटाने की एक और दर्दनाक प्रक्रिया के लिए तैयार होने का।