आईपीएल : बारिश के चलते मैच रद्द, प्लेऑफ में पहुंची हैदराबाद
आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच होना वाला 66वां मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया।बारिश के कारण टॉस नहीं हो पाया। रात 10:12 बजे मैच रैफरी और अम्पायर्स ने मैच के रद्द होने का ऐलान किया। दोनों टीमों को 1-1 अंक दिए गए। साथ ही हैदराबाद प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है।

हैदराबाद में दोपहर से ही मौसम खराब था और टॉस के समय से पहले बारिश शुरू हुई थी। कुछ देर बाद बारिश रूकी और 8:00 बजे टॉस कराने का फैसला किया गया, फिर बारिश शुरू हो गई।
रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। मैच रैफरी और अंपायर्स ने 5-5 ओवर के मैच के लिए रात 10:30 बजे का समय निर्धारित किया था, तब तक भी बारिश नहीं रुकी। इस कारण मैच रद्द हो गया।

मैच जैसे ही रद्द हुआ दोनों टीमों के बीच अंक बांटने पड़े, ऐसे में हैदराबाद के खाते में 13 मैच में 15 अंक आए और उन्हें प्लेऑफ का टिकट मिल गया। हैदराबाद को इस सीजन 13 मुकाबलों में 7 में जीत और 5 में हार मिली। 1 मैच रद्द रहा है।
हैदराबाद से पहले राजस्थान रॉयल्स 16 अंकों और कोलकाता नाइट राइडर्स 19 अंकों के साथ पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। गुजरात ने अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस को हराते हुए सकारात्मक शुरुआत की। टीम का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा।
गुजरात ने मुंबई के अलावा हैदराबाद, राजस्थान, पंजाब और सीएसके के खिलाफ 1-1 मैच जीते। आरसीबी और दिल्ली ऐसी टीमें रही, जिन्होंने गुजरात को 2 बार हराया। पंजाब, लखनऊ और सीएसके के खिलाफ गुजरात को 1-1 मैच में हार झेलनी पड़ी।
18 मई को सीएसके और आरसीबी के बीच होने वाला मुकाबला प्लेऑफ के लिहाज से काफी अहम है। सीएसके यह मुकाबला जीत जाती है तो 16 अंक के साथ प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।
अगर वह हारती है तो उसके 14 अंक रहेंगे। ऐसे में आरसीबी और सीएसके का नेट रन रेट देखा जाएगा। जिसका रन रेट बेहतर होगा वह प्लेऑफ में जाएगी। अगर बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो सीएसके 15 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।