आरसीबी-सीएसके मैच पर बारिश और तूफ़ान का संकट
आईपीएल में शनिवार को होने जा रहे आरसीबी-सीएसके मुक़ाबले पर बारिश का ख़तरा मंडरा रहा है। प्ले ऑफ़ की चौथी टीम बनने के लिए जहां चेन्नई को इस मैच में जीत दर्ज करनी है या एक अंक से उनका काम चल सकता है, बेंगलुरु को नेट रन रेट बेहतर करने के साथ जीत दर्ज करनी होगी।

भारतीय मौसम विभाग ने 18 मई को मध्य बेंगलुरू के इलाके में 40-50किमी/घंटे की तेज़ रफ़्तार की हवा, तूफ़ान और भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।
पिछले दो सप्ताह से शहर में बारिश हो रही है। गुरूवार रात चिन्नास्वामी स्टेडियम के इलाके में बारिश हुई, जो कि शुक्रवार सुबह जारी रही। पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार शाम बारिश और तूफ़ान दोनों आ सकते हैं।
आईएमडी के अलावा एकुवेदर.कॉम ने मैच के समय भारी बारिश और तूफ़ान की आशंका जताई है। मैच की शुरुआत के समय शाम 7.30 बजे तापमान 23°सेल्सियस पर रहेगा, आसमान में 100 फीसदी बादल छाए रहेंगे। चिन्नास्वामी का ड्रेनेज सिस्टम काफी अच्छा है, जिससे बारिश थमने के 30 मिनट के भीतर ही खेल शुरू हो सकता है।
मैच धुल जाता है तो बेंगलुरु के प्ले ऑफ़ में पहुंचने की संभावना धुल जाएगी। अगर वह पहले बल्लेबाज़ी करते हैं और 200 का स्कोर बनाते हैं तो उन्हें कम से कम 18 रनों की जीत दर्ज करनी होगी। लक्ष्य का पीछा करते वक़्त उन्हें 11 गेंद पहले ही मैच जीतना होगा। इस सप्ताह दो मैच पहले ही बारिश के कारण धुल चुके हैं।