एक मैच के लिए हार्दिक निलंबित, अगले सीजन का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को धीमी ओवर गति को लेकर एक मैच के लिए निलंबित किया गया है। वह अगले सीज़न का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे।
वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के ख़िलाफ़ उनकी टीम समय पर अपने ओवर ख़त्म नहीं कर पाई थी। मुंबई के लिए यह मैच आईपीएल का आख़िरी मैच था।

हार्दिक अगले सीज़न का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। यदि हार्दिक अगले सीज़न के लिए किसी अन्य टीम में चले जाते हैं, तो वह उस टीम का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे।
इस सीज़न में यह तीसरी बार था जब मुंबई न्यूनतम ओवर रेट बनाए रखने में विफल रही। मुंबई के लिए यह निराशाजनक सत्र रहा है। लीग चरण में उनके आख़िरी मैच में उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स से 18 रनों की हार मिली। इस सीज़न मुंबई ने चार ही मैच जीते और अंकतालिका में 10वें पायदान पर रहे।
रोहित शर्मा की जगह पर कप्तान बनने के बाद फ़ैंस ने पूरे सीज़न हार्दिक के ख़िलाफ़ हूटिंग की। इसका असर उनके प्रदर्शन पर देखने को मिला।
उन्होंने इस सीज़न 13 पारियों में 18 की औसत से 216 रन बनाए। गेंद के साथ उन्होंने 12 पारियों में 11 विकेट लिए और उनकी इकॉनमी 10.75 की रही। मुंबई के कोच मार्क बाउचर ने माना कि फ़ैंस ने जिस तरह से हार्दिक की आलोचना की, उसका प्रभाव टीम और हार्दिक के प्रदर्शन पर पड़ा।