Trending

एलोरडा कप : निकहत, मीनाक्षी के स्वर्णिम पंच, भारत ने जीते 12 पदक

निकहत जरीन और मीनाक्षी ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते जिससे भारत ने एलोरडा कप में अभियान 12 पदकों के साथ खत्म किया।

निकहत और मीनाक्षी के स्वर्ण पदकों के अलावा, भारतीय मुक्केबाजों ने दो रजत और आठ कांस्य पदक जीतकर पिछले सत्र से बेहतर प्रदर्शन किया। भारतीय मुक्केबाजों ने पिछले सत्र में पांच पदक अपने नाम किये थे।

निकहत (52 किग्रा) ने दबदबा जारी रखते हुए कजाकिस्तान की जजीरा उराकबायेवा को 5-0 के स्कोर से हराकर करियर में एक और स्वर्ण पदक जोड़ा। मीनाक्षी ने महिलाओं के 48 किग्रा फाइनल में उज्बेकिस्तान की रहमोनोवा सैदाहोन को 4-1 से हराकर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।

अनामिका (50 किग्रा) और मनीषा (60 किग्रा) को फाइनल में हार मिली और उनका अभियान रजत पदक के साथ समाप्त हुआ। अनामिका ने चीन की वू यू को कड़ी टक्कर दी, उन्हें 1-4 से हार मिली। मनीषा को कजाकिस्तान की विक्टोरिया ग्राफीवा से 0-5 से हार मिली।

भारतीय पदक विजेता:
स्वर्ण: मीनाक्षी और निकहत जरीन
रजत: अनामिका और मनीषा
कांस्य (पुरुष): याइफाबा सिंह सोइबम, अभिषेक यादव, विशाल और गौरव चौहान
कांस्य (महिला): सोनू, मंजू बम्बोरिया, शलाखा सिंह संसनवाल और मोनिका