आईपीएल क्वालीफायर 1 : हैदराबाद के खिलाफ हेड टु हेड में केकेआर का पलड़ा भारी
आईपीएल में आज पहला क्वालीफायर मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी। हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए क्वालीफायर-2 खेलने का मौका मिलेगा।

केकेआर ने 2 बार आईपीएल खिताब जीता है। ये 2 बार क्वालीफायर-1 खेली है और दोनों बार मैच के साथ टूर्नामेंट भी जीता। केकेआर 8वीं बार प्लेऑफ मुकाबला खेलेगी।
एक बार फाइनल हारी, 2 बार एलिमिनेटर और 2 बार क्वालीफायर-2 राउंड में हार चुकी है। केकेआर ने पहली बार 2011 में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था और आखिरी बार 2021 में नॉकआउट स्टेज में पहुंची थी।
सनराइजर्स हैदराबाद 7वीं बार आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंची है। टीम पहली बार 2013 में प्लेऑफ में पहुंची थी, ये टीम का डेब्यू सीजन था।
हैदराबाद आखिरी बार 2020 में टॉप-4 में पहुंची थी। अपने पिछले 6 प्लेऑफ मुकाबलों में हैदराबाद दो बार फाइनल में पहुंची, 2016 में खिताब जीती और 2018 में रनरअप रही।
टीम 3 बार एलिमिनेटर में हारी और एक बार क्वालीफायर-2 में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुई। साल 2018 में गुजरात ने क्वालीफायर-1 खेला जिसमें उसे हार मिली। क्वालीफायर-2 में वो जीती और फाइनल में भी पहुंची।
हेड टु हेड में केकेआर का पलड़ा भारी है। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 26 मुकाबले हुए, इनमें से 17 मुकाबले केकेआर ने जीते। 9 मुकाबले हैदराबाद ने अपने नाम किए, यानी टीम को सिर्फ 34.6 फीसदी मुकाबलों में ही जीत मिली है।
दोनों टीमों के बीच इस सीजन एक ही मुकाबला हो सका है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इस मैच में केकेआर 4 रन के मार्जिन से जीती थी। दोनों के बीच टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया।
केकेआर के लिए ओपनिंग करते हुए सुनील नरेन और फिल सॉल्ट ने शानदार प्रदर्शन किया है। दोनों ने पावरप्ले में टीम को मजबूती दी। टीम के स्टार प्लेयर फिल सॉल्ट मुकाबला नहीं खेलेंगे। पाकिस्तान के खिलाफ 4 टी-20 मैचों की सीरीज खेलने के लिए सॉल्ट वापस इंग्लैंड लौट गए है।
सॉल्ट के नहीं होने पर टीम को नुकसान झेलना पड़ सकता है। उनकी जगह रहमानुल्लाह गुरबाज रहेंगे, जो सीजन का पहला मैच खेलेंगे।
मिडिल ऑर्डर में भी श्रेयस अय्यर ने भले ही बड़ी पारी नहीं खेली हो, नॉन स्ट्राइक पर अच्छा सपोर्ट किया है। फिनिशर्स में आक्रामक आंद्रे रसेल ने इस सीजन डेथ ओवर्स में बड़े शॉट्स लगाने जिम्मा उठाया है।
बॉलिंग में वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन किया है। हर्षित राणा ने 11 मैचों में 16 विकेट लिए हैं। सुनील नरेन ने भी 461 रन बनाने के साथ ही 15 विकेट अपने नाम किए हैं।
ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। दोनों ने आक्रामक पारियां खेली है। मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 13 मैचों में 381 रन बनाए हैं।
बॉलिंग में टी नटराजन ने 11 मैचों में 17 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान पैट कमिंस ने 15 विकेट और भुवनेश्वर कुमार ने 11 विकेट लेकर उनका बखूबी साथ दिया। दोनों टीमों के बीच एक हाई स्कोरिंग मैच होने की उम्मीद रहेगी।
अहमदाबाद में मुकाबले के दिन गर्मी होगी। मैच शाम में होगा तो प्लेयर्स को राहत मिलेगी। दिन का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री होगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
अहमदाबाद में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम बोर्ड पर बड़ा स्कोर खड़ा करने और मैच जीतने में सफल रही है। पहले बैटिंग करने वाली टीम का एवरेज स्कोर 170 रन के करीब है। इस मैदान पर इस सीजन 200 रन भी चेज हो चुके हैं।
आसमान साफ है और बारिश का कोई खतरा नहीं है, उम्मीद है कि कप्तान टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करेंगे। तेज गेंदबाजों को विकेट से अच्छा मूवमेंट मिलेगा, स्पिनर्स को भी बाद के ओवर्स में मदद मिलेगी।
संभावित प्लेइंग इलेवन
केकेआर : श्रेयस अय्यर (कप्तान), सुनील नरेन, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), अंगकृष रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह, मिचेल स्टार्क, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती
इम्पैक्ट: रमनदीप सिंह
हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, नितिश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मयंक मारकंडे/विजयकांत वियषकांत, भुवनेश्वर कुमार और टी नटराजन
इम्पैक्ट: जयदेव उनादकट