आईपीएल एलिमिनेटर : आरसीबी के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी राजस्थान
आईपीएल में आज एलिमिनेटर मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और रॉयल्स चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम क्वालिफायर-2 के लिए क्वालिफाई करेगी।

हारने वाली टीम लीग से बाहर हो जाएगी। राजस्थान और बेंगलुरु के बीच 2015 सीजन का एलिमिनेटर मुकाबला हुआ था, जिसमें बेंगलुरु को 71 रन से जीत मिली थी।
राजस्थान ने आईपीएल के पहले सीजन का खिताब जीत था। टीम दूसरे खिताब के इंतजार में है. एक बार 2022 में रनरअप रही। टीम छठी बार प्लेऑफ में पहुंची है।
राजस्थान चौथी बार एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी। इससे पहले, 3 में से 1 में जीत और 2 में हार मिली। 1 सेमीफाइनल खेली, जिसमें उसे 105 रन से जीत मिली। राजस्थान पहली बार 2008 में नॉकआउट स्टेज पहुंची थी और आखिरी बार 2022 में प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया था।
बेंगलुरु ने तीन बार आईपीएल के फाइनल में जगह बनाई है, एक भी बार ट्रॉफी नहीं जीत पाई। आरसीबी 9वीं बार प्लेऑफ में पहुंची है।
टीम 5वीं बार एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी। इससे पहले, 4 में से 2 में जीत और 2 में हार मिली। 2 सेमीफाइनल खेली, जिसमें 1 जीती और 1 हारी। आरसीबी पहली बार 2009 में नॉकआउट स्टेज पहुंची थी और आखिरी बार 2022 में प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया था।
हेड टु हेड में बेंगलुरु का पलड़ा भारी है। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 31 मुकाबले हुए। इनमें से 15 मुकाबले आरसीबी ने और 13 राजस्थान ने जीते।
3 मैच का रिजल्ट नहीं निकल सका। दोनों टीमों के बीच इस सीजन एक ही मुकाबला खेला गया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान को 6 विकेट से जीत मिली।
दोनों टीमों के बीच 2022 सीजन का क्वालिफायर-2 हुआ था। जो अहमदाबाद में ही खेला गया, और इसमें राजस्थान को 7 विकेट से जीत मिली।
जोस बटलर के इंग्लैंड लौट जाने से टीम की बल्लेबाजी पर असर पड़ा है। रियान पराग (531 रन) यशस्वी जायसवाल (348 रन) और कप्तान सैमसन (504 रन) को जिम्मेदारी निभानी होगी।
राजस्थान से रियान पराग टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 14 मैचों में 531 रन बनाए हैं। इनमें 4 अर्धशतक हैं। रिस्ट स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 17 विकेट झटके हैं।
आरसीबी के बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। कोहली के नाम 708 रन हैं।
कोहली टीम और लीग दोनों के टॉप स्कोरर हैं। यश दयाल 13 मैचों में 15 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर हैं। पिछले मैच में यश दयाल ने चेन्नई सुपर किंग्स के महेंद्र सिंह धोनी और रविंद्र जडेजा के सामने बेहतरीन आखिरी ओवर डालकर टीम को जीत दिलाई थी। वह इस लय को कायम रखना चाहेंगे।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली है। यहां अब तक आईपीएल के 33 मैच खेले गए हैं। 15 मैचों में पहली इनिंग में बैटिंग करने वाली टीम और 18 में चेज करने वाली टीम को जीत मिली।
यहां का हाईएस्ट टीम स्कोर 233/3 है, जो गुजरात टाइटंस ने पिछले सीजन मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाया था। अहमदाबाद में मौसम काफी गर्म रहेगा। धूप भी काफी तेज रहेगी। बारिश की उम्मीद नहीं है। मैच वाले दिन यहां का तापमान 45 से 31 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
राजस्थान रॉयल्स : संजू सैमसन (कप्तान & विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, रविचंद्रन अश्विन, आवेश खान, ट्रेंट बोल्ट, युजवेंद्र चहल और संदीप शर्मा
इम्पैक्ट: टॉम कोहलर कैडमोर, नांद्रे बर्गर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, रजत पाटीदार, कैमरन ग्रीन, ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक, महिपाल लोमरोर, कर्ण शर्मा, यश दयाल, लॉकी फर्ग्यूसन, मोहम्मद सिराज
इम्पैक्ट: स्वप्निल सिंह