फाइनल के लिए चेन्नई में केकेआर टीम, देखें वीडियो
कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल 2024 का फाइनल खेलने के लिए चेन्नई आ गई है। श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली केकेआर रविवार (26 मई) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेलने उतरेगी।

टीम ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया है, जिसमें टीम के मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित, मेंटॉर गौतम गंभीर और टीम के खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। केकेआर ने क्वालीफायर 1 में सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। कोलकाता ने जारी सीजन में सबसे ज्यादा मैच जीते हैं।
मिचेल स्टार्क और वरुण चक्रवर्ती जैसे गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से कोलकाता ने पहले क्वालीफायर में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर सनराइजर्स हैदराबाद को 159 रन पर रोक दिया।
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नरेन और गुरबाज ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। उनके आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 24 गेंद में 55 और वेंकटेश अय्यर ने 28 गेंद में 51 रन की पारी खेलकर टीम को 8 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
कोलकाता की नजरें अब 10 साल के खिताबी सूखे को खत्म करने पर होंगी। राजस्थान रॉयल्स ने बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हराया। राजस्थान ने क्वालीफायर 2 के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जहां उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।
क्वालीफायर-2 जीतने वाली टीम का सामना आईपीएल 2024 फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। कोलकाता की टीम दो बार (2012, 2014) आईपीएल का खिताब जीत चुकी है। सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीम 1-1 बार खिताब जीत चुकी है।