Trending

भारत में मोटोजीपी रेस बचाने के लिए ये होगी यूपी सरकार की रणनीति

उत्तर प्रदेश सरकार ने भारत में मोटो ग्रां प्री रेस को बचाने के लिए कदम उठाया है और चैंपियनशिप अधिकार हासिल करने वाले डोर्ना को आश्वासन दिया है कि इस सप्ताह के अंत तक सभी वित्तीय दायित्वों को पूरा किया जाएगा।

साभार : गूगल

इस महीने की शुरुआत में एक प्रमुख मोटरस्पोर्ट पत्रिका ने बताया था कि डोर्ना को आंशिक बकाया राशि का भुगतान नहीं किये जाने की वजह से कैलेंडर से भारत में होने वाली रेस को हटाया जाना था, स्थानीय रेस प्रमोटर फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स ने इसे एक सिरे से खारिज कर दिया।

2023 में शुरूआती चरण में मुख्य रेस प्रायोजक उत्तर प्रदेश सरकार फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स के साथ रेस की प्रमोटर बन गई है और यह सुनिश्चित करना चाहती है कि भारतीय ग्रां प्री सितंबर में ही हो जैसा कि मोटोजीपी वेबसाइट पर जिक्र किया गया है।

डोर्ना को आधिकारिक ईमेल पर राज्य सरकार की निवेश शाखा ‘इन्वेस्ट यूपी’ ने इस हफ्ते के अंत तक सभी जरूरी मंजूरी देने का वादा किया है। डोर्ना के साथ करार के अंतर्गत सरकार और फेयरस्ट्रीट स्पोर्ट्स रेस की फीस का बोझ साझा करेगी।

एक समाचार एजेंसी को पता चला है कि डोर्ना मार्च तक सभी अनुबंधीय प्रतिबद्धतायें पूरा करना चाहता था, भारत में आम चुनाव को देखते स्थानीय प्रमोटरों को और समय देने के लिए तैयार है। मौजूदा अनुबंध अगले छह वर्षों का है।

मोटो जीपी प्रमुख कार्मेलो एजपेलेटा ने इस हफ्ते कटालान ग्रां प्री के मौके पर कहा, ‘‘भारत में कुछ मुद्दों को देखना है। इन दिनों में इस पर फैसला हो जायेगा। हम ज्यादा लंबा समय नहीं लेंगे, अगले हफ्ते या ज्यादा से ज्यादा अगले हफ्ते, यह हो जायेगा।