Trending

यूरोप चरण : भारतीय महिला टीम की दूसरी हार

भारतीय महिला हॉकी टीम को एफआईएच प्रो लीग के यूरोप चरण में दूसरी हार मिली और इस बार उसे बेल्जियम ने 2- 0 से हराया। नये कोच हरेंद्र सिंह और कप्तान सलीमा टेटे के साथ भारतीय महिला टीम को पहले मैच में अर्जेंटीना ने 5- 0 से हराया था।

@hockeyindia

बेल्जियम के लिये दोनों गोल फील्ड गोल थे जो 34वें मिनट में अलेक्सिया टी सरस्टेवेंस और दो मिनट बाद डेवाएट लुईस ने किये। भारत ने आक्रामक शुरूआत करके पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया था, गोल नहीं हो सका। पहले दो क्वार्टर में भारतीय डिफेंस काफी मुस्तैद रहा और बेल्जियम को गोल करने के मौके नहीं दिये।

बेल्जियम को पहले क्वार्टर के आखिर में पेनल्टी कॉर्नर मिला, भारत की अनुभवी गोलकीपर सविता ने उसे बचा लिया। दूसरे क्वार्टर में बेल्जियम ने लगातार हमले बोले, भारतीयों ने उसका माकूल जवाब दिया।

ब्रेक के बाद बेल्जियम ने हमले तेज कर दिये ओर तीसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में अलेक्सिया ने पहला गोल दागा। दो मिनट बाद ही डेवाएट ने दूसर गोल कर दिया। भारत ने चौथे क्वार्टर में कुछ प्रयास किये, कामयाबी नहीं मिली। भारत को शनिवार को बेल्जियम से खेलना है।