एफआईएच प्रो लीग : डिफेंस में चूक पुरुष हॉकी टीम पर पड़ी भारी
डिफेंस में चूक की गलती भारतीय टीम को भुगतना पड़ा और बेल्जियम ने एफआईएच प्रो लीग में 4-1 से हराया। पहला क्वार्टर गोलरहित रहने के बाद बेल्जियम ने 22वें मिनट में कप्तान फेलिक्स डेनायेर के फील्ड गोल पर बढत ली।

अलेक्जेंडर हेनड्रिक्स ने मेजबान के लिये पेनल्टी कॉर्नर पर दूसरा गोल किया। बेल्जियम के खिलाड़ियों की तेज रफ्तार पासिंग और बेहतरीन कौशल से भारतीय डिफेंस छितर बितर हो गया। बेल्जियम के लिये तीसरा गोल सेड्रिक चार्लियर ने 49वें मिनट में किया।
भारत के लिये अभिषेक ने एकमात्र गोल किया, आखिरी मिनटों में हेंडरिक्स ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल करके बेल्जियम की जीत पर मुहर लगा दी। गोलकीपर पी आर श्रीजेश ही अकेले किला लड़ाते रहे।
भारत को 18वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, कप्तान हरमनप्रीत की फ्लिक को बेल्जियम के गोलकीपर लोइक वान डोरेन ने बचा लिया। दो मिनट बाद भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, हरमनप्रीत गोल नहीं कर सके।
बेल्जियम ने 22वें मिनट में कप्तान डेनायेर के गोल के दम पर बढत बना ली। चार मिनट बाद टैंगाय कोसिंस , डेनायेर और निकोलस डे करपेल ने मिलकर हमला बोला जिस पर मेजबान को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इसे हेंडरिक्स ने गोल में बदला और गेंद श्रीजेश के पैरों के बीच से निकल गई।
चार्लियर ने 49वें मिनट में बेल्जियम की बढत तीन गोल की कर दी जिन्होंने डेनायेर के लांग क्रॉस पर गोल दागा। आखिरी सीटी बजने से पांच मिनट पहले अभिषेक ने रिवर्स हिट पर भारत के लिये एकमात्र गोल दागा। भारत ने पेनल्टी स्ट्रोक गंवाया जिस पर हेंडरिक्स ने गोल किया।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत ने कहा ,‘‘ हमने टुकड़ों में अच्छा खेला, फिनिशिंग नहीं कर पाये। हमें डिफेंस में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। भारत को शनिवार को बेल्जियम से खेलना है।