आईपीएल के दूसरे क्वालिफायर में राजस्थान व हैदराबाद की टक्कर
आईपीएल में आज दूसरा क्वालिफायर मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी जहां उसका मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा।

2016 की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद 7वीं बार आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंची है। टीम पहली बार 2013 में प्लेऑफ में पहुंची थी, ये उनका डेब्यू सीजन था।
हैदराबाद 2020 के बाद अब प्लेऑफ में पहुंची थी। अब तक 6 प्लेऑफ में हैदराबाद 2 बार फाइनल तक पहुंची। 2016 में उन्हें जीत मिली, वहीं 2018 में रनर-अप बनी। हैदराबाद ने प्लेऑफ में 3 बार क्वालिफायर-2 खेले, 2 बार जीत मिली, वहीं एक मुकाबला गंवाया।
राजस्थान ने आईपीएल के पहले सीजन का खिताब जीता था। 2022 में राजस्थान रनरअप रही थी। टीम छठी बार प्लेऑफ राउंड में पहुंची है।
रॉयल्स तीसरी बार क्वालिफायर-2 मैच खेलेगी। इससे पहले, उन्हें एक जीत और एक ही हार मिली। टीम ने 2022 में भी आरसीबी को क्वालिफायर-2 में हराकर ही फाइनल खेला था।
हेड टु हेड में दोनों टीमों का रिकॉर्ड मिला-जुला है, एक मैच का मार्जिन है। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 19 मुकाबले हुए, इनमें से 9 मुकाबले राजस्थान ने जीते और 10 मुकाबले हैदराबाद ने अपने नाम किए।
दोनों टीमों के बीच इस सीजन एक मुकाबला खेला गया। इस मैच में हैदराबाद अपने होम ग्राउंड पर महज 1 रन के मार्जिन से जीती थी। वहीं इस मैदान पर दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी।
राजस्थान से रियान पराग टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 15 मैचों में 567 रन बनाए हैं। इनमें 4 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं रिस्ट स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 18 विकेट झटके हैं।
ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासन ने 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। वहीं हेड और अभिषेक की ओपनिंग जोड़ी ने 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। दोनों ने आक्रामक पारियां खेली है। हेड टीम के टॉप स्कोरर हैं।
बॉलिंग में टी नटराजन ने 12 मैचों में 18 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान पैट कमिंस ने 16 विकेट और भुवनेश्वर कुमार ने 11 विकेट लेकर उनका बखूबी साथ दिया।
MA चिदंबरम स्टेडियम की पिच स्पिनर्स के लिए मददगार रहती है। यहां अब तक 88 IPL मैच खेले गए। 48 मैच पहले बैटिंग करने वाली और 35 मैच चेज करने वाली टीमों ने जीते। यहां का हाईएस्ट टीम स्कोर 246/5 है, जो होम टीम चेन्नई सुपरकिंग्स ने 2010 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बनाया था।
24 मई को चेन्नई का मौसम सही रहेगा। इस दिन यहां बादलों और धूप के साथ थोड़ी उमस रहेगी। बारिश की 5% आशंका है। तापमान 36 डिग्री से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
राजस्थान रॉयल्स : संजू सैमसन (कप्तान & विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, टॉम कोहलर कैडमोर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, रोवमन पॉवेल, रविचंद्रन अश्विन, आवेश खान, ट्रेंट बोल्ट, युजवेंद्र चहल और संदीप शर्मा
इम्पैक्ट प्लेयर : शिमरोन हेटमायर
सनराइजर्स हैदराबाद : पैट कमिंस (कप्तान), ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, नितिश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, विजयकांत वियषकांत, भुवनेश्वर कुमार और टी नटराजन
इम्पैक्ट प्लेयर : सनवीर सिंह