Trending

मुक्केबाजी विश्व क्वालीफायर: नेशनल चैंपियन सचिन सिवाच की जीत से शुरुआत

राष्ट्रीय चैंपियन सचिन सिवाच (57 किग्रा) ने पेरिस ओलंपिक के लिए दूसरे मुक्केबाजी विश्व क्वालीफायर के शुरुआती दौर में न्यूजीलैंड के एलेक्स मुकुका पर जीत दर्ज की। स्ट्रैंड्जा मेमोरियल के स्वर्ण पदक विजेता सिवाच ने पूरे मुकाबले के दौरान प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा और जजों के सर्वसम्मत 5-0 के फैसले से जीत दर्ज की।

साभार : गूगल

सचिन पहले ही राउंड से आक्रामक थे और मुकाबले पर नियंत्रण कर लिया था। पहले दो राउंड आराम से जीतने के बाद सचिन ने प्रतिद्वंद्वी वापसी का मौका नहीं दिया और मैच जल्द ही समाप्त कर दिया।

भारत ने दूसरे विश्व क्वालीफायर में सात पुरुष और तीन महिला मुक्केबाजों को मैदान में उतारा है। सभी मुक्केबाजों को पेरिस ओलंपिक के लिए बर्थ बुक करने का मौका पाने के लिए कम से कम सेमीफाइनल में जगह बनानी होगी।

मार्च में पिछले विश्व क्वालीफायर में भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक था और 2023 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता निशांत देव ही शुरुआती दौर से आगे बढ़ पाये थे। निकहत जरीन (50 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा) और लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) ने पेरिस में स्थान सुरक्षित किया है।