शाहीन अफरीदी द्वारा उप कप्तानी ठुकराने की अटकलों पर पीसीबी ने लगाया विराम
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन रिपोर्ट्स का खंडन किया है जिसमें बोला गया था कि शाहीन अफरीदी ने टीम का उप-कप्तान बनने का ऑफर ठुकराया है।
बोर्ड ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी को यह ऑफर नहीं दिया गया है। टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज होने से पहले खबर आई थी कि शाहीन अफरीदी को इस इवेंट के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उप-कप्तान बनाना चाहता था, इस तेज गेंदबाज ने पीसीबी के इस ऑफर को ठुकरा दिया।

इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद पीसीबी ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है। बोर्ड ने बताया कि मीटिंग में जरूर उप-कप्तानी को लेकर चर्चा हुई थी, किसी को इस जिम्मेदारी के लिए ऑफर नहीं दिया गया है।
बता दें, टी20 वर्ल्ड कप से पहले पीसीबी ने शाहिन अफरीदी से कप्तानी छीन एक बार फिर बाबर आजम को टीम की कमान दी गई है।
बोर्ड ने एक्स पर सफाई देते हुए लिखा, ‘शुक्रवार को चयन समिति की बैठक के दौरान उपकप्तानी पर चर्चा हुई। किसी को भी नियुक्त नहीं करने का निर्णय लिया गया।
ऐसे में किसी भी खिलाड़ी को कोई ऑफर नहीं दिया गया। टीम पूरी तरह से एकजुट, प्रतिबद्ध है और यूके में आगामी मैचों और आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप का उत्सुकता से इंतजार कर रही है।
बता दें कि शाहीन शाह अफरीदी को पाकिस्तान की टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था। एक सीरीज में हार के बाद उनसे कप्तानी छीन ली गई। बताया जाता है कि अफरीदी को लगता है कि उनसे कप्तानी वापस लेने में जल्दबाजी की गई।
उन्हें कभी भी इसके पीछे की वजहों के बारे में बताया नहीं गया। माना जा रहा है कि एक लीडरशिप पोजीशन से इस तरह से हटाए जाने के बाद वह दूसरी जिम्मेदारी लेने के इच्छुक नहीं हैं। पीसीबी और शाहीन शाह अफरीदी के बीच पिछले कुछ अरसे से संबंध सामान्य नहीं हैं।
पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। टीम में हारिस राउफ के साथ मोहम्मद आमिर जैसे सीनियर खिलाड़ी की वापसी हुई है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है जहां वह 4 मैच की टी20 सीरीज खेल रही है। इस सीरीज में मैन इन ग्रीन 0-1 से पीछे है।