Trending

एफआईएच प्रो लीग: अर्जेंटीना के खिलाफ भारतीय महिला हॉकी टीम की हार

भारतीय महिला हॉकी टीम का एफआईएच प्रो लीग के बेल्जियम चरण में हार का सिलसिला जारी रहा और उसे रविवार को अर्जेंटीना से 0-3 से हार मिली। भारत के बेल्जियम चरण के अंतिम मैच में अर्जेंटीना के लिए सेलिना डि सैंटो (पहले मिनट), मारिया कैंपॉय (39वें) और मारिया ग्रेनाटो (47वें मिनट) ने गोल किये।

@hockeyindia

अर्जेंटीना ने पहले ही मिनट में बढ़त बनाई, जब डि सैंटो ने ग्रेनाटो के शॉट पर गोल दागा। अर्जेंटीना का दबदबा जारी रहा और भारत का संघर्ष जारी रहा। अर्जेंटीना को आठवें मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर मिला, इसमें टीम बढ़त बढ़ाने में असफल रही।

भारत ने कुछ पास देने शुरू किये और उदिता के शॉट पर लालरेमसियामी गोल करने में विफल रहीं जब अर्जेंटीनी गोलकीपर क्लारा बारबेरी ने इसे रोका। अर्जेंटीना ने दूसरे क्वार्टर में दबदबा कायम रखते हुए कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये, बीचू देवी खारीबाम और सलीमा टेटे की सतर्क जोड़ी ने गेंद को नेट से बाहर रखने में मदद की।

दीपिका भारतीय टीम को मिले एक पेनल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं उठा सकीं। भारत को तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन कोई गोल नहीं हुआ।

अर्जेंटीना को 39वें मिनट में सफलता मिली, कैंपॉय ने सर्कल में प्रवेश कर सविता पूनिया को छकाते हुए बढ़त दोगुनी कर दी। भारत को इस क्वार्टर के आखिरी मिनट में गोल करने का मौका मिला, नवनीत कौर का प्रयास बारबेरी ने रोक दिया।

अंतिम क्वार्टर शुरू होते ही अर्जेंटीना को पेनल्टी कॉर्नर मिला और ग्रेनाटो ने अगस्टिना गोर्जेलानी की फ्लिक को गोल में डालकर अपनी बढ़त में इजाफा किया। भारतीय महिला हॉकी टीम अब लंदन में एक जून को अपने अगले मैच में जर्मनी से भिड़ेगी।