Trending

बाक्सिंग वर्ल्ड क्वालीफायर : अंकुशिता की जीत से शुरुआत, अभिमन्यु की हार

पूर्व विश्व युवा विजेता अंकुशिता बोरो ने पेरिस ओलंपिक के दूसरे मुक्केबाजी विश्व क्वालीफायर में जीत दर्ज की, अभिमन्यु लौरा को हार के साथ बाहर होना पड़ा।

साभार : गूगल

अंकुशिता ने 60 किग्रा वर्ग में मंगोलिया की नामून मोनखोर को हराया, अभिमन्यु लौरा को आयरलैंड के केलिन केसिडी के खिलाफ 80 किग्रा वर्ग में हार मिली। अंकुशिता ने मंगोलिया की अपनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मजबूत शुरुआत की और तीन दौर के बाद 4-1 के खंडित फैसले से जीत दर्ज की।

अभिमन्यु ने पहले दौर में बुल्गारिया के 10 बार के राष्ट्रीय चैंपियन क्रिस्टियन निकोलोव को हराया था, केसिडी उनके खिलाफ मुकाबले के लिए अच्छी तरह तैयार थे। अभिमन्यु के अंतिम दौर में अपना सब कुछ झोंकने के बावजूद वह 5-0 से जीत दर्ज करने में सफल रहे।

सचिन सिवाच (57 किग्रा), अभिनाश जामवाल (63.5 किग्रा) और निशांत देव (71 किग्रा) ओलंपिक कोटा हासिल करने की दिशा में अपना अभियान आगे बढ़ाने के इरादे से उतरेंगे।

सचिन डेनमार्क के फ्रेडरिक जेनसेन, जामवाल कोलंबिया के जोस मैनुअल वियाफारा फोरी और निशांत मंगोलिया के ओटगोनबातर बयांबा एर्डेन से भिड़ेगे।

भारत पेरिस ओलंपिक के लिए तीन कोटा हासिल कर चुका है। निकहत जरीन (महिला 50 किग्रा), प्रीति (54 किग्रा) और टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) पिछले साल हांगझोउ एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतकर पेरिस खेलों का कोटा हासिल कर चुके हैं।