फ्रेंच ओपन : पहले दौर में सुमित नागल की हार
भारत के सुमित नागल को फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में अपने डेब्यू मैच में ही सोमवार को यहां रूस के कारेन खाचनोव के हाथों सीधे सेटों में हार मिली।

भारत के चोटी की एकल खिलाड़ी और विश्व रैंकिंग में 95वें नंबर पर काबिज नागल के पास खाचनोव की दमदार सर्विस और करारे शॉट का जवाब नहीं था। उन्होंने तीसरे सेट में जरूर शानदार खेल दिखाया, इसके बावजूद वह पहले दौर में 2-6, 0-6, 6-7 (5-7) से हार गए।
नागल ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन में दुनिया के 31वें नंबर के अलेक्जेंडर बुब्लिक को हराकर चौंका दिया था, लाल बजरी पर वह अपना यह करिश्मा नहीं दोहरा पाए।
मैच से पहले बारिश आने के कारण कोर्ट थोड़ा धीमा हो गया था जो लंबी रैलियों के लिए आदर्श था। भारतीय खिलाड़ी ने अच्छी शुरुआत की लेकिन वह खाचनोव थे जिन्होंने तीसरे गेम में नागल की सर्विस तोड़ी।
बारिश के कारण 21 मिनट तक खेल रुका रहा। खेल शुरू होने पर रूसी खिलाड़ी ने जबरदस्त खेल दिखाया और नागल को पस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
खाचनोव ने दोनों छोर से शॉट लगाए और ऐसे में भारतीय खिलाड़ी के लिए अंक बनाना मुश्किल हो गया। पहले सेट के सातवें गेम में नागल एक समय 30-0 से आगे थे, खाचनोव ने लगातार चार अंक बनाकर दूसरा ब्रेक प्वाइंट लिया। रूसी खिलाड़ी ने अगले गेम में फोरहैंड विनर लगाकर पहला सेट अपने नाम किया।
नागल को दूसरे सेट में अच्छी शुरुआत की जरूरत थी, उन्होंने पहले गेम में ही अपनी सर्विस गंवा दी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी के पास भी दो बार ब्रेक लेने का मौका था, खाचनोव ने दोनों अवसरों पर अच्छी वापसी की। नागल अपनी अगली दोनों सर्विस का भी बचाव नहीं कर पाए और खाचनोव ने आसानी से यह सेट जीता।
नागल ने तीसरे सेट में वापसी करके अपनी पहली सर्विस बचाई, तीसरे गेम में वह ऐसा नहीं कर पाए। इस बीच नागल ने दूसरे गेम में खाचनोव की सर्विस तोड़ने के दो मौके गंवाए। रूसी खिलाड़ी ने अपनी सर्विस पर अंक बनाकर 3-1 से बढ़त हासिल कर ली।
भारतीय खिलाड़ी ने दसवें गेम में खाचनोव की सर्विस तोड़कर स्कोर 5-5 से बराबर करके उम्मीद जगाई। यह सेट टाइब्रेकर तक खिंचा जिसमें नागल एक समय 5-3 से आगे थे, उन्होंने डबल फाल्ट करके खाचनोव को वापसी का मौका दिया और रूसी खिलाड़ी ने इसके बाद यह सेट और मैच जीतने कोई देर नहीं लगाई।
भारत की निगाहें अब रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी पर टिकी रहेंगी जो पुरुष एकल में अपने जोड़ीदारों के साथ कोर्ट पर उतरेंगे।