लखनऊ की नूरा, अनाहत व आरना भारतीय एरोबिक्स टीम में चयनित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की एरोबिक्स टीम ने आगरा में हाल ही में आयोजित 14वें एरोबिक्स फेडरेशन कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता ट्रॉफी जीत ली।
एरोबिक्स फेडरेशन कप : लखनऊ की नूरा, अनाहत व आरना ने जीते 10 मेडल
इंडिया एरोबिक्स स्पोर्ट्स एंड फिटनेस फेडरेशन के द्वारा जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल आगरा में गत 24 से 26 मई तक आयोजित इस टूर्नामेंट में लखनऊ की बालिका खिलाड़ियों – नूरा इनायती ने 4 जबकि अनाहत सिंह व आरना खुराना ने 3-3 सहित कुल 10 पदक अपने नाम किए।

इसी के साथ इन तीनों खिलाड़ियों ने आगामी अगस्त माह में बैंकॉक (थाईलैंड) में होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में अपना स्थान पक्का कर लिया। खिलाड़ियों की मुख्य कोच मालविका बाजपेयी (आयोजन सचिव उत्तर प्रदेश एरोबिक्स स्पोर्ट्स एंड फिटनेस एसोसिएशन) ने बताया कि सभी खिलाड़ी योग शक्ति इंटरनेशनल फिटनेस स्टूडियो गोमती नगर में प्रैक्टिस करती हैं।
उन्होंने बताया कि नूरा इनायती ने अंडर-14 में व्यक्तिगत स्पोर्ट्स एरोबिक्स में रजत पदक जीता। वहीं अनाहत सिंह, नूरा इनायती व आरना खुराना की जोड़ी ने बालिका ट्रायो स्पोर्ट्स एरोबिक्स में रजत पदक जीता।
इस तिकड़ी ने फिर फिटनेस एरोबिक्स की अंडर-14 मिक्स श्रेणी में रजत पदक जीता। अनाहत, नूरा व आरना ने इसके बाद अंडर-14 स्पोर्ट्स एरोबिक्स में पिटाइट ग्रुप में रजत पदक अपने नाम किया।

उत्तर प्रदेश एरोबिक्स स्पोर्ट्स एंड फिटनेस एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष आचार्यश्री डॉक्टर यश पाराशर ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर यह उत्तर प्रदेश का अब तक का सर्वोच्च प्रदर्शन है। वहीं 14वें एरोबिक्स फेडरेशन कप में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित होकर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने पदक विजेताओं को अपना आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश एरोबिक्स स्पोर्ट्स एंड फिटनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद शेखर सिंह, महासचिव एमएल साहू ने भी विजेताओं को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मो.तौहीद ने बताया कि लखनऊ के पदक विजेता एरोबिक्स खिलाड़ियों को बहुत जल्द लखनऊ में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा।