जर्मनी के खिलाफ भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम की हार
भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम को यूरोप दौरे पर जर्मनी के खिलाफ मुकाबले में 2-3 से हारी। इस मुकाबले में भारत के लिए योगेंबर रावत और गुरजोत सिंह ने गोल दागे।

पहले क्वार्टर में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों के पास पेनल्टी कार्नर के जरिए बढ़त बनाने का मौका था, दोनों टीमों को नाकामी हाथ लगी जिससे पहला क्वार्टर गोल रहित रहा।
दूसरे क्वार्टर के पांचवें मिनट में ही जर्मनी ने मैदानी गोल के जरिए बढ़त बना ली। भारत ने मध्यांतर से पहले डिफेंडर योगेंबर के पेनल्टी कॉर्नर पर दागे गोल की मदद से स्कोर 1-1 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और गुरजोत ने इसे गोल में बदलकर टीम को 2-1 से आगे किया। जर्मनी ने एक मिनट बाद ही पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर स्कोर 2-2 कर दिया।
भारत को अंतिम क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए बढ़त बनाने का मौका मिला, टीम इसे गोल में बदलने में नाकाम रही। मैच के अंतिम लम्हों में जर्मनी को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और उसने इसका फायदा उठाते हुए 3-2 की बढ़त बना ली जो निर्णायक स्कोर साबित हुआ। भारत यूरोप दौरे पर अपना अंतिम मैच नीदरलैंड के ब्रेडा में जर्मनी के खिलाफ खेलेगा।