बाक्सिंग वर्ल्ड क्वालीफायर : एकतरफा जीत के साथ अरूंधति अंतिम 16 में
गत राष्ट्रीय चैंपियन अरूंधति चौधरी ने यहां दूसरे मुक्केबाजी विश्व ओलंपिक क्वालीफायर में जीत के साथ 66 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता नरेंदर बेरवाल (92 किग्रा से अधिक) हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

अरूंधति ने पुएर्टो रिको की स्टेफनी पाइनेइरो को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया, नरेंदर को इक्वाडोर के गेरलोन गिलमार कॉन्गो चाला के खिलाफ 2-3 से हार मिली।
अरूंधति ने पहले राउंड में अपनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ शानदार शुरुआत की, दूसरे राउंड में उन्होंने थोड़ा सतर्क रवैया अपनाते हुए अपनी स्थिति मजबूत की। भारतीय मुक्केबाज ने तीसरे राउंड में भी दबदबा बनाते हुए जीत दर्ज की।
नरेंदर ने भी विरोधी मुक्केबाज को कड़ी टक्कर दी लेकिन यह अगले दौर में जगह बनाने के लिए पर्याप्त नहीं था। एशियाई खेल 2022 के कांस्य पदक विजेता नरेंदर ने पहले राउंड में धीमी शुरुआत की जिससे वह पिछड़ गए और गेरलोन को पछाड़ नहीं पाए। उन्होंने दूसरे और तीसरे राउंड में अपने प्रदर्शन से पांच में से तीन जजों को प्रभावित किया, यह उन्हें जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था।