बाक्सिंग वर्ल्ड क्वालीफायर : सचिन, संजीत जीत के साथ अगले दौर में
भारत के सचिन सिवाच (57 किग्रा) और संजीत कुमार (92 किग्रा) ने पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की ओर कदम बढ़ाते हुए मुक्केबाजी विश्व क्वालीफायर में अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई.

सचिन ने प्री क्वार्टर फाइनल में तुर्की के ओलंपियन बटुहान सिफ्टसी को 5-0 से हराया. संजीत ने राउंड ऑफ 32 में वेनेजुएला के लुई सांचेज को इसी अंतर से हराया.
सचिन को पेरिस ओलंपिक में क्वालीफाई करने के लिए दो और मुकाबले जीतने होंगे, उनके 57 किग्रा वर्ग से तीन मुक्केबाजों को ओलंपिक में जगह मिलेगी.
राउंड ऑफ 64 में संजीत को बाई मिली थी और उन्हें दो और मुक्केबाजों को हराना होगा, उनके वजन वर्ग में सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले चारों मुक्केबाजों को पेरिस ओलंपिक का कोटा मिलेगा.
अनुभवी मुक्केबाज के खिलाफ सचिन ने पहले राउंड से ही ताबड़तोड़ प्रहार किए और उनकी यह रणनीति कामयाब रही, भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआत से ही दबदबा बना लिया.
दूसरे राउंड में सचिन ने एकतरफा जीत दर्ज की. सिफ्टसी ने तीसरे और अंतिम राउंड में वापसी की कोशिश की, यह नाकाफी था क्योंकि सचिन मजबूत बढ़त बना चुके थे.
संजीत और सांचेज के बीच मुकाबले में भी भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआत से ही बढ़त बनाई. एशियाई चैंपियनशिप 2021 के स्वर्ण पदक विजेता संजीत ने पहले राउंड में विरोधी को लय हासिल करने का कोई मौका नहीं दिया.
सांचेज ने दूसरे और तीसरे राउंड में वापसी की कोशिश की, अनुभवी संजीत ने उनसे दूरी बनाए रखी और पलटवार पर मुक्के जड़ते हुए जीत दर्ज की.
राष्ट्रमंडल खेल 2022 के स्वर्ण पदक विजेता अमित पंघाल गुरुवार को ही 51 किग्रा वर्ग में मैक्सिको के मॉरिसियो रुईज से भिड़ेंगे, जैस्मिन महिला 57 किग्रा वर्ग में अजरबेजान की माहसती हमजाएवा का सामना करेंगी.