Trending

टी-20 विश्व कप से पहले न्यूयॉर्क की पिच पर हालात के अनुकूल ढलना होगा : रोहित शर्मा

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने नवनिर्मित नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की तारीफ करते हुए कहा कि पांच जून को आयरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के पहले मैच से पूर्व उनकी टीम को पिच और हालात के अनुकूल ढलना होगा।

साभार : गूगल

रोहित और उनकी टीम को शनिवार को इसी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच खेलना है। अभ्यास मैच इसलिये अहम है क्योंकि भारत के मैच स्थानीय समयानुसार सुबह 10 . 30 पर शुरू होंगे और आईपीएल में दिन रात के मैच खेलने के बाद अब खिलाड़ियों को दिन के मैचों की आदत डालनी होगी।

रोहित ने आईसीसी से कहा ,‘‘ हम हालात को समझने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि हम यहां पहले खेले नहीं हैं। उन्होंने कहा ,‘‘ हम कोशिश यही करेंगे कि पांच जून को पहले मैच से पूर्व हालात के अनुकूल ढल सकें। मैदान और पिच का अनुभव लेने के साथ ही यहां लय पकड़ लेंगे।

रोहित, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल 26 मई को ही यहां पहुंच गए थे। रोहित ने मैदान की तारीफ करते हुए कहा ,‘‘ यह बहुत सुंदर दिख रहा है। यह खुला मैदान है और मैं बेकरारी से मैच के दिन का यहां का माहौल देखना चाहता हूं।

उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे यकीन है कि सभी टीमों के मैच देखने के लिये दर्शक भारी संख्या में यहां आयेंगे। बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने मैदान की तारीफ की, वह कुछ दिन पहले अमेरिका के हाथों श्रृंखला में हार भूले नहीं होंगे।

अमेरिका ने बांग्लादेश को तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में 2- 1 से हराया था। शांतो ने कहा ,‘‘ मैं ईमानदारी से कहूं तो सोचा नहीं था कि ऐसा कुछ होगा। हमने सोशल मीडिया पर यह मैदान देखा था और हम यहां खेलने को लेकर बेताब हैं।