कोहली टीम इंडिया के साथ, बांग्लादेश के खिलाफ वॉर्मअप मैच खेलने पर संशय
अनुभवी भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने सबसे आखिर में टी20 विश्व कप के लिए उड़ान भरी। वे शुक्रवार को ही टीम से जुड़ गए, टीम के अन्य सदस्य पांच दिन पहले ही न्यूयॉर्क पहुंच गए थे।

विराट पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध होंगे, सवाल ये है कि आज यानी शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच में क्या वे खेलने वाले हैं? इस पर संशय बना हुआ है। माना जा रहा है कि बोर्ड उनको आराम दे सकता है, एक लंबी फ्लाइट उन्होंने ली, जिससे थकान हो जाती है।
बीसीसीआई सूत्रों ने पुष्टि की है कि विराट टीम होटल में पहुंच गए है और 16 घंटे की लंबी उड़ान के बाद वह आराम करेंगे।बांग्लादेश के खिलाफ एक जून को अभ्यास मैच में उनकी भागीदारी इस बात पर निर्भर करेगी कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों और न्यूयॉर्क के नए स्टेडियम का अनुमान लगाने के लिए बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच अहम है।
यही कारण है कि विराट की भी कोशिश होगी कि वे कम से कम बल्लेबाजी के लिए उतरें। इसी मैदान पर भारत बनाम पाकिस्तान मैच भी होना है।
विराट के पास 5 जून को आयरलैंड के खिलाफ टीम के शुरुआती मैच से पहले नेट्स में तैयारी करने का मौका तो है, मैच प्रैक्टिस के लिए वह बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मैच में खेल सकते हैं।
शुक्रवार की सुबह वैकल्पिक अभ्यास सत्र में रिंकू सिंह, शिवम दुबे और मोहम्मद सिराज ने सहयोगी स्टाफ के मार्गदर्शन में पसीना बहाया। कोहली से पहले भारतीय दल दो टुकड़ियों में 25 और 28 मई को यहां पहुंचा था। रिंकू सिंह सबसे आखिर में पहुंचे, क्योंकि वे अकेले ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने आईपीएल का फाइनल खेला था।