क्रिकेट के सभी प्रारूपों से दिनेश कार्तिक ने लिया संन्यास
स्टार क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने ये ऐलान अपने जन्मदिन के मौके पर किया है। आईपीएल में आरसीबी से खेला था और टी-20 विश्व कप में उनको जगह नहीं मिली थी।

इसके बाद ये लग रहा था कि वो क्रिकेट को जल्द अलविदा कह सकते हैं। दिनेश कार्तिक ने अपने संन्यास की जानकारी सोशल मीडिया से दी और अपने लंबे क्रिकेट करियर को अलविदा कह दिया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘पिछले कुछ दिनों में मुझे जो स्नेह, समर्थन और प्यार मिला है, उससे मैं अभिभूत हूं। इस चीज को संभव बनाने वाले सभी प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी कृतज्ञता और हार्दिक धन्यवाद। काफी समय तक इस पर विचार करने के बाद मैंने क्रिकेट से हटने का निर्णय लिया है।
मैं आधिकारिक तौर पर अपने संन्यास की घोषणा करता हूं। अपने खेल के दिनों को पीछे छोडक़र आगे आने वाली नई चुनौतियों के लिए तैयार हो रहा हूं।
‘मैं अपने कोचों, कप्तानों, चयनकर्ताओं, टीममेट्स और सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने इस लंबी यात्रा को सुखद और आनंददायक बनाया है। मैं खुद को उन कुछ भाग्यशाली लोगों में से एक मानता हूं जिन्हें देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।
इतने सारे प्रशंसकों और दोस्तों की सद्भावना अर्जित करने के लिए मैं और भी भाग्यशाली हूं। कार्तिक ने आगे कहा, ‘इन सभी वर्षों में मेरे माता-पिता मेरी ताकत और समर्थन के स्तंभ रहे हैं और उनके आशीर्वाद के बिना मैं आज जो कुछ भी हूं, वह नहीं होता. मैं दीपिका (पत्नी) का बहुत आभारी हूं।
जो खुद एक पेशेवर खिलाड़ी हैं। हमारे महान खेल के सभी प्रशंसकों को बहुत-बहुत धन्यवाद। आपके समर्थन और शुभकामनाओं के बिना क्रिकेट और क्रिकेटर्स का अस्तित्व वैसा नहीं होता।
बता दें कि माही से पहले उनका करियर शुरू हुआ था, धोनी के टीम में आने के बाद उनका करियर आगे नहीं बढ़ सका लेकिन समय-समय वो बतौर बल्लेबाज टीम में शामिल होते रहे हैं और आईपीएल में उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है।